ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई के सीएसटी रेलवे स्टेशन के बाहर गिरा फुटओवर ब्रिज..5 की मौत..!

नेटवर्क महानगर (राजेश जायसवाल) : मुंबई , छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस स्टेशन के पास गुरुवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ है। शुरुआती मिली जानकारी के मुताबिक मुंबई के सीएसटी स्टेशन पर एक फुट ओवर ब्रिज गिरने के कारण 5 लोगों की मौत हुई है। ये फुटओवर ब्रिज सीएसटी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 के बीटी लेन के पास गिरा है। वहीं इस घटना में 40 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जिन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन घायलों में 4-5 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है और इन्हें गहन चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। वहीं मलबे में अब भी 10 से अधिक लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई है।
बताया जा रहा है कि हादसा गुरुवार शाम करीब 7:30 बजे हुआ। जिस वक्त यह घटना हुई पीक आवर होने के कारण पुल के नीचे बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ब्रिज के मलबे में कई लोग दब गए और यहां मौजूद कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए। दूसरी ओर मौके पर पहुंची एनडीआरएफ, रेलवे और मुंबई पुलिस की टीमों ने तत्काल घायलों को सेंट जॉर्ज हॉस्पिटल और गोकुलदास तेजपाल अस्पताल में पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान अपूर्वा प्रभु, रंजना तांबे और सिराज खान के रूप में हुई है। अपूर्वा और रंजना जीटी अस्पताल की नर्स थीं, जो कि शाम के वक्त अपनी शिफ्ट पूरी कर घर वापस जा रही थीं।
रेलवे के सूत्रों के अनुसार, इस ब्रिज के मलबे में अभी भी कई लोगों के दबे होने की आशंका है, जिसे देखते हुए इलाके में बड़े स्तर पर राहत कार्य शुरू कराए गए हैं। मुंबई के जिस स्थान पर यह हादसा हुआ उससे कुछ ही दूरी पर मुंबई पुलिस और मुंबई महानगरपालिका के मुख्यालय स्थित हैं। सेंट्रल रेलवे के डीआरएम डीके शर्मा के अनुसार, जिस ब्रिज के गिरने से यह हादसा हुआ उसकी देखरेख का काम बीएमसी करती है। उन्होंने बताया कि ब्रिज का निर्माण कार्य रेलवे ने कराया था, लेकिन रखरखाव की जिम्मेदारी बीएमसी की ही थी।
अब तक मिली सूचना के मुताबिक राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ, मुंबई पुलिस और रेलवे पुलिस की टीम को भी मौके पर लगाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि जिस वक्त यह हादसा हुआ ब्रिज के नीचे बड़ी संख्या में लोगों के आलावा वाहन मौजूद थे। ऐसे में इस पुल के मलबे में कई लोग दबे हो सकते हैं। इस संभावना को देखते हुए एनडीआरएफ और पुलिस की टीम जल्द से जल्द लोगों को बाहर निकालने के प्रयास कर रही है। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।

मुंबई में बड़ा हादसा : हादसे के बाद सामने आई घटनास्थल की दर्दनाक तस्वीरें ..