ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: कोरोना वायरस से हालत खराब होती जा रही है, सरकार इस पर नियंत्रण करने में असफल: फडणवीस

मुंबई: महाराष्‍ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता व राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का कहना है कि मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन में कोरोना मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ती जा रही है। सरकार इस पर नियंत्रण करने में असफल हो गई है। इस संबंध में देवेंद्र फडणवीस ने मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को पत्र लिखकर पूरी जानकारी दी है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने पत्र में लिखा है कि कोरोना संक्रमण दर भिवंडी में 48 प्रतिशत, पनवेल में 45 प्रतिशत, मीरा-भाईंदर में 43 प्रतिशत, ठाणे में 29.94 प्रतिशत तक पहुंच गया है। यह आंकड़े तब हैं, जब कोरोना टेस्ट नियंत्रित किया जा रहा है। साथ ही मरने वालों के आंकड़े भी तेजी से बढ़े हैं। फडणवीस का कहना है कि 24 जून 2020 तक मुंबई में 2 लाख 99 हजार 369 टेस्ट किया गया था जबकि उस वक्त मरीजों की संख्या 69 हजार 528 थी। उन्‍होंने कहा कि टेस्ट किए गए 23.22 प्रतिशत लोग कोरोना पीड़ित पाए गए। वहीं 1 से 23 जून के दौरान 97 हजार 872 टेस्ट किया गया तो 29 हजार 17 कोरोना मरीज मिले। मतलब 29.55 फीसदी पॉजिटिव थे। 24 जून तक देशभर में कुल 73 लाख 52 हजार 911 टेस्ट हुए जिसमें से 4 लाख 73 हजार 105 मरीज मिले। पूरे देश में संक्रमण की दर 6.43 प्रतिशत था।

फडणवीस ने 26 जून को मुख्यमंत्री ठाकरे को लिखे पत्र में लिखा है कि कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट मरीज को न देने का आदेश सुप्रीम कोर्ट रद्द कर चुका। रिपोर्ट आने के बाद कई सारे कोरोना मरीज फरार हो गए हैं। यह बेहद गंभीर मामला है। लोगों को विश्वास दिलाने की जरुरत है। बीजेपी नेता ने कहा कि विश्व स्वास्थ्य संगठन और आईसीएमआर के स्पष्ट दिशा-निर्देश के बावजूद शवों की कोरोना जांच बंद करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसे रद्द किया जाना चाहिए।

महाराष्ट्र में कोरोना का कहर जारी
महाराष्ट्र में कोरोना के मरीजों की संख्या अब एक लाख 59 हजार के पार पहुंच गई है। पिछले 24 घंटे में 5318 कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद अब राज्य में कुल मरीजों की संख्या 1,59,133 हो गई है। यह अब तक एक दिन में आने वाले मरीजों की सबसे बड़ी संख्या है। वहीं मुंबई में शनिवार तक 74,252 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हुए हैं और उनमें से 4,284 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है।
राज्य में कोरोना के ऐक्टिव मरीजों की अब 67,600 रह गई है। अभी तक महाराष्ट्र में कोरोना के कुल 7273 मरीजों की मौत हुई है। शनिवार को कुल 167 मरीजों की मौत की जानकारी दी गई, जिनमें से 48 घंटो में कुल 86 लोगों की मौत हुई है, वहीं 81 मरीजों की मौत पहले की समय की है।

मुंबई में 24 घंटों में कोरोना के 2077 मरीज
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भी कोरोना की रफ्तार बरकरार है। पिछले 24 घंटों में सिर्फ मुंबई में ही कोरोना के कुल 2077 मामले सामने आए हैं। शहर में एक दिन में 105 मरीजों की मौत भी हुई है। अभी तक मुंबई में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 74,252 पहुंच चुकी है। इसमें से 4284 कोरोना मरीज अपनी जान भी गंवा चुके हैं।

एक दिन में हुईं 167 मौतें
महाराष्ट्र के स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, अब राज्य में कोरोना के कुल 67,600 ऐक्टिव केस हैं। पिछले 24 घंटे में सामने आई 167 मौतों में से 86 पिछले 48 घंटे में हुई हैं। बाकी की 81 मौतें पिछले दिन की हैं, जिन्हें शनिवार के आंकड़ों में दर्ज किया गया है। अभी तक महाराष्ट्र में कुल 8,96,874 सैंपल्स की जांच की जा चुकी है।

रिकवरी रेट में सुधार
अभी तक पूरे राज्य में 8,96,874 लोगो के नमूने में से 1,59,133 (17.74प्रतिशत) लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल पूरे राज्य में तकरीबन 5,65,161 लोगों को होम क्वारंटीन करवाया गया है। वहीं, पूरे राज्य में 36,925 लोगों को इंस्टिट्यूशनल क्वारंटीन में रखा गया है। महाराष्ट्र में रिकवरी रेट 52.94 प्रतिशत बताया गया है। राज्य में मृत्य की दर 4.57 प्रतिशत है।