ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: कोरोना संक्रमण को बढ़ते देख लोकल में चढ़ी महापौर, बोली- ठीक से पहने मास्‍क, वरना मजबूरी में करना होगा लॉकडाउन

मुंबई: मुंबई में लगातार बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए अब मुंबई की महापौर किशोरी पेडणेकर भी सड़क पर उतर आईं। महापौर पेडणेकर ने हाथ जोड़कर लोगों से मास्‍क लगाने की अपील की है। महापौर ने कहा अगर आप मास्‍क नहीं लगाएंगे तो मजबूरी में लॉकडाउन लागू करना होगा।
मेयर ने मुंबई की लोकल ट्रेन और दुकानों में भी गई और बिना मास्‍क के दिख रहे लोगों को जमकर फटकार लगाई। मेयर ने स्टेशन पर एक खानपान स्टाल पर कुछ विक्रेताओं को ठीक से मास्क नहीं पहने हुए पाया। पेडणेकर ने उनसे हर समय मास्क पहनने का अनुरोध किया और दिशा-निर्देश को नजरअंदाज करने पर उन्हें पुलिस कार्रवाई की चेतावनी भी दी।
उन्होंने कहा कि बिना मास्क के 10 प्रतिशत यात्री शेष 90 प्रतिशत यात्रियों के लिए जोखिम पैदा कर सकते हैं।
बता दें कि मुंबई में बीते सात दिनों में 24 हजार कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है, जिसके बाद महाराष्ट्र में सक्रिय मरीजों की संख्‍या 37 हजार के ऊपर हो गई है।

महापौर ने होटल में मारा छापा
सीएसएमटी के बाद, महापौर सांताक्रुज गईं, जहां उन्होंने एक होटल पर छापा मारा, जहां कई लोग जो खाड़ी देशों से लौटे थे, उन्‍हें कोविड-19 प्रोटोकॉल के तहत क्‍वारंटाइन में रखा गया था। यात्रियों की सूची में से चार यात्री होटल से गायब थे। मेयर ने लापता यात्रियों और होटल के खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया।

बीएमसी की सख्त चेतावनी
बीते कुछ दिनों में मुंबई के चेंबूर और तिलकनगर इलाकों में कोरोना संक्रमण के मामलों में काफी इजाफा हुआ है। बीएमसी ने कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए यहां के कई इलाकों को सील करने की चेतावनी दी है। चेंबूर में 550 हाउसिंग सोसाइटी को लोकल लॉकडाउन लगाने की चेतावनी वाला नोटिस भी भेजा जा चुका है।
मुंबई में कोरोना संक्रमण का नया ट्रेंड देखा जा रहा है यहां 98% केस नॉन स्लम एरिया से सामने आए हैं। यहां कोविड ग्रोथ रेट 0.28 प्रतिशत हो गया है। महाराष्ट्र का औसत ग्रोथ रेट 0.14 प्रतिशत बताया गया है। मुंबई महानगरपालिका का कहना है कि इसके लिए लोगों की लापरवाही ही जिम्‍मेदार है।

बीएमसी की नई गाइडलाइन जारी

  • आवश्‍यक काम के लिए ही बाहरी लोगों को सोसायटी में आने की अनुमति
  • घरेलू सहायिका और दूधवालों की थर्मल स्क्रीनिंग के बाद ही एंट्री
  • बिना मास्‍क घूमने की इजाजत नहीं

समारोह हॉल में 50 से अधिक लोगों को इजाजत नहीं
अतिरिक्त आयुक्त सुरेश काकानी ने कहा कि मुंंबई में यदि फंक्शन हॉल, व्यायामशालाओं और रेस्तरां में लोगों की संख्या सीमा से अधिक पाई जाती है तो उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। यही नहीं रेस्तरां में अकुपेंसी से 50 फीसद तक ही लोगों को इजाजत दी जाएगी। काकानी ने कहा कि हमारी कोशिश है कि रेस्तरां, बार, फंक्शन हॉल, सार्वजनिक उद्यान, नाइट क्लब और सिनेमाघरों में ज्‍यादा भीड़ न हो।

स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री टोपे और जयंत पाटिल भी संक्रमित
इस बीच महाराष्‍ट्र के स्‍वास्‍थ्‍य मंत्री राजेश टोपे कोरोना वायरस से पॉजिटिव पाए गए हैं। उन्‍होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। उन्‍होंने कहा कि मैं कोविड-19 से संक्रमित हो गया हूं। मैं एक डॉक्टर से सलाह ले रहा हूं। आप सभी के आशीर्वाद से मैं जल्द ही कोरोना संक्रमण को हराकर आपकी सेवा में आऊंगा। मेरे संपर्क में जो लोग आएं हैं उन्‍हें कोरोना जांच करा लेना चाहिए। महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री और राकांपा के प्रदेशाध्यक्ष जयंत पाटिल ने भी बृहस्पतिवार को बताया कि उनके कोरोना से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है।

अमरावती में लॉकडाउन, यवतमाल में स्कूल बंद
संक्रमण से विशेष रूप से प्रभावित अमरावती जिले में सप्ताहांत पर लॉकडाउन लगा दिया गया है। इसके तहत दुकानें और अन्य प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। हालांकि, आवश्यक सेवाओं को इससे छूट दिया गया है। इसके अलावा यवतमाल जिले में स्कूलों को 10 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है और लोगों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। शादी समारोहों में सिर्फ 50 लोगों को शामिल होने की इजाजत होगी।