मुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: छह महीने बाद खुला किंग्जसर्कल एफओबी, नगरसेविका नेहल शाह ने किया उद्घाटन

मुंबई: किंग्जसर्कल स्टेशन से गांधी मार्केट तक जाने वाले एफओबी की मेजर रिपेयरिंग कर जनता के लिए दोबारा शनिवार को खोल दिया गया। इस एफओबी के खुलने से लोगों के 20 से 25 मिनट का समय बचेगा। इससे गांधी मार्केट की तरफ से किंग्जसर्कल स्टेशन से जाने वाले यात्रियों ने राहत की सांस ली है। सायन- पनवेल हाइवे के ऊपर बने इस एफओबी का उपयोग किंग्जसर्कल स्टेशन जाने के लिए होता था, लेकिन मरम्मत के लिए इस फुट ओवर ब्रिज को 6 माह पहले बंद कर दिया गया था। जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। शनिवार को बीजेपी की नगरसेविका नेहल शाह ने फीता काटकर एफओबी का उद्घाटन किया। शाह ने बताया कि एफओबी के पेंटिंग और फिनिशिंग का कुछ काम बाकी है, लेकिन लोगों की तकलीफ को देखते हुए इसे खोल दिया गया है। कुछ दिनों में यह काम पूरा हो जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके मरम्मत में डेढ़ करोड़ रुपये खर्च हुआ है।
बता दें कि इस एफओबी के बंद होने से लोगों को किंग्जसर्कल स्टेशन तक जाने के लिए लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता था। किंग्जसर्कल स्टेशन तक पहुंचने के लिए बेस्ट ने गांधी मार्केट से बस का संचालन शुरू किया था, लेकिन उसे भी सायन के चार रोड जंक्शन से होकर जाना पड़ता था। इस कारण वहां हमेशा ट्रैफिक जाम रहता था।। लोगों का बस में भी 20 से 25 मिनट अतिरिक्त समय जाता था। एफओबी का उपयोग बंद होने के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए बेस्ट के कर्मचारियों की सेवा के लिए नगरसेविका नेहल शाह ने उनका आभार प्रकट किया। इस अवसर पर सायन कोलीवाड़ा मंडल अध्यक्ष संतोष गुप्ता, संदीप सिंह धाम सहित कई स्थानीय पदाधिकारी मौजूद रहे।

हिमालय पुल दुर्घटना के बाद हुआ मेजर रिपेयर
नगरसेविका नेहल शाह ने बताया कि पहले इस पुल का माइनर रिपेयर होना था, लेकिन हिमालय पुल दुर्घटना के बाद इसे मेजर रिपेयर में तब्दील कर दिया गया। इसके लिए कई बदलाव करने पड़े, लेकिन दुर्घटना से सबक लेते हुए बीएमसी ने इसकी पूरी मरम्मत का निर्णय लिया।