ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई ड्रग्स केस…अब कल होगी आर्यन खान की रिहाई, रिलीज ऑर्डर पहुंचने में हुई देरी

मुंबई: क्रूज ड्रग्स मामले में मुंबई की आर्थर रोड जेल में बंद शाहरुख के बेटे आर्यन खान का बेल आर्डर शुक्रवार दोपहर जारी हो गया। बेल आर्डर की कॉपी सेशन कोर्ट तो समय पर पहुंच गई, परन्तु इसके बाद रिलीज ऑर्डर की कॉपी जेल पर पहुंचने में देरी हो गई। सेशन कोर्ट से जमानत के कागजात लेकर वकील सतीश मानशिंदे खुद आर्थर रोड जेल के लिए रवाना हुए थे, लेकिन उन्हें पहुंचने में देरी हो गई थी। शाम साढ़े पांच बजे पहुंचनी थी कॉपी। वहीं, अब आर्थर रोड के जेल अधिकारी ने बताया कि आर्यन खान आज जेल से रिहा नहीं हो पाएंगे। ऐसे में अब उनकी रिहाई कल सुबह हो पायेगी।

आर्थर रोड जेल के अधीक्षक नितिन वायचल ने बताया कि रिहाई के आदेश की एक कॉपी आर्थर रोड जेल के बाहर बेल बाक्स में डालनी होगी। इसके लिए जेल के अधिकारियों ने शाम 5.35 बजे तक इंतजार किया था।

इसके पहले इस पूरे मामले में आर्यन खान के वकील सतीश मानशिंदे ने कहा था कि हमें हाईकोर्ट का आदेश मिल गया है। प्रक्रिया चालू है। एक बार जज ने जमानत स्वीकार कर ली, तो हम अन्य औपचारिकताओं के साथ आगे बढ़ेंगे। इसके साथ ही उन्होंने कहा था कि आज शाम तक सब कुछ हो जाना चाहिए। मानशिंदे ने आगे कहा था कि यह आदेश सेशन कोर्ट को दिया गया। जूही चावला को कोर्ट ने जमानत के तौर पर स्वीकार कर लिया है। जमानत की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

वहीं, इसके पहले बाम्बे हाईकोर्ट ने आर्यन का बेल आर्डर जारी किया। एक लाख के मुचलके पर आर्यन खान को जमानत दी गई है। कोर्ट की शर्तों के अनुसार, आर्यन को हर शुक्रवार सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक पूछताछ के लिए एनसीबी के दफ्तर पहुंचना अनिवार्य होगा।
बता दें कि 23 वर्षीय आर्यन खान को अदालत ने कई शर्तों के साथ जमानत दी है। आर्यन कोर्ट की इजाजत के ब‍िना देश छोड़कर नहीं जा सकते हैं। उन्‍हें NDPS कोर्ट में अपना पासपोर्ट जमा करना होगा। हर शुक्रवार को मामले में जांच चल रही है इसलिए वह केस से जुड़े गवाहों से कोई बात नहीं कर सकते। वह गवाहों को या जांच को प्रभावित नहीं करेंगे। केस के सह-आरोपियों से भी आर्यन को मिलने या बात करने की मनाही है।
गौरतलब है कि आर्यन खान को नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने दो अक्टूबर को हिरासत में लिया था। वह तभी से एनसीबी अथवा न्यायिक हिरासत में सलाखों के पीछे हैं। इस बीच दो निचली अदालतों से उनकी जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी थीं। गुरुवार को बाम्बे हाईकोर्ट से जमानत मिलने के बाद कयास लगाया जा रहा था कि यदि पेपरवर्क समय से होगा तो आर्यन खान आज जेल से रिहा हो सकेंगे।