ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: धारावी में टॉयलेट गैस ब्लास्ट होने से २ गंभीर रूप से जख्मी, सायन अस्पताल में चल रहा इलाज

मुंबई: एशिया की दूसरी सबसे बड़ी झोपड़पट्टी यानी धारावी, के प्रेमनगर, अम्बेडकर नगर स्थित एक टॉयलेट में गैस से ब्लास्ट होने की घटना सामने आई है। टॉयलेट में अचानक ब्लास्ट होने से टॉयलेट में बैठे 5 लोग घायल हो गए। जिसमें 2 गंभीर रूप से झुलस गए जो अभी सायन अस्पताल में भर्ती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि टॉयलेट के सेफ्टी टैंक में गैस भर जाने से ये हादसा हुआ। हादसा शनिवार की सुबह सात बजे के करीब हुआ।

अस्पताल में भर्ती घायलों के नाम मोहम्मद मुजीब शेख और चंद्रशेखर जायसवाल हैं। इसके अलावा हामिद खान, कमलेश जायसवाल और पालचंद्र चौबे नाम के तीन लोगों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
पुलिस के अनुसार शौचालय के सेफ्टी टैंक में अमोनिया गैस भर जाने के चलते उसमें धमाका हो गया। धमाके के बाद सेफ्टी टैंक का ढक्कन और ईंट पत्थर आसपास खड़े लोगों को लगे जिससे वे जख्मी हो गए।
पुलिस के अनुसार गैस निकलने के लिए जो पाइप लगाई गई थी ईंट रखकर किसी ने उसका मुंह बंद कर दिया था। इसी के चलते गैस इकठ्ठा होने के बाद दबाव बढ़ा और टंकी फट गई। इसके लिए जिम्मेदार शख्स के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।
टॉयलेट से अचानक हुए धमाके की आवाज से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई। टायलेट में बैठे लोग कुछ समझ पाते इससे पहले वह गंभीर हालत में किसी तरह बाहर निकले। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठे हो गए।
यह एरिया वार्ड क्र.१८३ में आता है, यहाँ कांग्रेस पार्टी की नगरसेविका गंगा कुणाल माने हैं। कई स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि उनका ध्यान क्षेत्र की समस्याओं की ओर नहीं है।