दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

मुंबई: पूर्व सांसद, बंगाली अभिनेता तापस पॉल का निधन, CM ममता बनर्जी ने जताया शोक

मुंबई: बंगाली फिल्म के चर्चित अभिनेता और तृणमूल कांग्रेस के पूर्व सांसद तापस पॉल का मंगलवार को मुंबई में दिल का दौरा पड़ने के बाद निधन हो गया। परिवार के सूत्रों ने इस बात की जानकारी दी। 61 वर्षीय अभिनेता की पत्नी और एक बेटी है। बेटी से मिलने के लिए ही वह वहां गए थे। पॉल का जुहू के एक अस्पताल में निधन हुआ। उन्होंने सुबह 4 बजे अंतिम सांस ली।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पॉल के निधन पर शोक प्रकट करते हुए कहा कि वह खबर सुनकर ‘दुखी और स्तब्ध’ हैं। इसके साथ ही उन्होंने पॉल को बंगाली सिनेमा का सुपरस्टार बताया। बनर्जी ने ट्वीट किया कि वह बंगाली सिनेमा के सुपरस्टार थे, जो तृणमूल परिवार के एक सदस्य थे। उन्होंने कहा कि तापस ने दो बार सांसद और विधायक बनकर लोगों की सेवा की। हम उन्हें बहुत याद करेंगे। मेरी सहानुभूति उनकी पत्नी नंदिनी, बेटी सोहिनी और उनके ढेर सारे फैंस के साथ है।
पॉल वर्ष 2009 और 2014 में कृष्णानगर निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा के लिए चुने गए थे। इससे पहले वह वर्ष 2001 और 2006 में दो बार अलीपुर सीट से जीतकर पश्चिम बंगाल विधानसभा के सदस्य बने थे।