महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई भाजपा की नई कार्यकारिणी घोषित, राजहंस सिंह, अमरजीत मिश्रा, कैप्टन तमिल सेल्वन बने उपाध्यक्ष

मुंबई (राजेश जायसवाल): लंबे इंतजार के बाद आखिरकार मुंबई भाजपा अध्यक्ष मंगल प्रभात लोढ़ा ने शनिवार को मुंबई भाजपा की नई कार्यकारिणी का ऐलान कर दिया। लेकिन पिछले बार की 100 पदाधिकारियों वाली जम्बो कार्यकारिणी की तुलना में मुंबई भाजपा की नई कार्यकारिणी 40 पदाधिकारियों पर सिमट गई है।
मुंबई भाजपा की नई कार्यकारिणी में 13 उपाध्यक्ष, 3 महासचिव और 13 सचिव बनाए गए हैं। जबकि मुंबई भाजपा की कार्यकारणी समिति में 44 सदस्यों को शामिल किया गया है। इसके अलावा कुछ नेताओं को विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। पार्टी के विधायक और सांसदों को कार्यकारणी का स्थायी आमंत्रित सदस्य बनाया गया है। इसके अलावा उत्तर भारतीय मोर्चा, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, सोशल मीडिया, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति मोर्चा, ओबीसी मोर्चा, अल्पसंख्यक मोर्चा समेत 32 प्रकोष्ठों के प्रमुख पर नियुक्ति की गई थी। इससे पहले मुंबई भाजपा की पुरानी कार्यकारिणी में 44 उपाध्यक्ष थे। वहीं 8 महासचिव और 39 सचिव बनाए गए थे।

ऐसी है नई कार्यकारिणी
मुंबई भाजपा के नए महासचिव विधायक सुनील राणे, विधायक अमित साटम और संजय उपाध्याय होंगे। उपाध्यक्ष पद पर विधायक योगेश सागर, विधायक पराग अलवाणी, विधायक कैप्टन तमिल सेल्वन, पूर्व विधायक राजहंस सिंह, अमरजीत मिश्रा, हितेश जैन, शलाका सालवी, डॉ शिरीष जाधव, पवन त्रिपाठी, महेश कारिया, अमरजीत सिंह, प्रकाश दरेकर की नियुक्ति की गई है।
सचिव पद की जिम्मेदारी महेश पारकर, योगेश दुबे, रानी द्विवेदी, निहारिका कोंडहे, अमोल जाधव, शिवा शेट्टी, जयश्री खरात, सचिन शिंदे को दी गई है। वहीं कोषाध्यक्ष किरीट भंसाली और सह कोषाध्यक्ष केविन शाह नियुक्त किए गए हैं।
मुंबई भाजपा के प्रवक्ता निरंजन शेट्टी, राहुल तिवारी, रीटा सिंह, संजय प्रभाकर, संजय ठाकुर, सुनीता सिंह, सुरेश नाखुआ बनाए गए हैं। कार्यकारिणी सदस्य के रूप में विधायक आर एन सिंह, पूर्व विधायक प्रकाश मेहता, पूर्व विधायक राज पुरोहित, आर यू सिंह के अलावा वर्तमान सांसदों, विधायकों और नगरसेवकों को जगह दी गई है।

जयप्रकाश सिंह बने उत्तर भारतीय मोर्चा के अध्यक्ष
मुंबई भाजपा की नई कार्यकारिणी में उत्तर भारतीय मोर्चा का प्रमुख जयप्रकाश सिंह को बनाया गया है। युवा मोर्चा का प्रमुख तेजिंदर सिंह तिवाना, महिला मोर्चा अध्यक्ष शीतल जतीन गंभीर देसाई, आईटी और सोशल मीडिया सेल के प्रमुख प्रतीक कर्पे, अल्पसंख्यक सेल के प्रमुख वसीम खान, एस सी मोर्चा के प्रमुख शरद कांबले बनाए गए हैं।