ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को पीछे से मारी टक्कर, सिर पर चोट लगने से हुई मौत!

मुंबई: ईस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे (EEH) पर एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने बाइक सवार युवक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से 32 वर्षीय बाइक सवार सूरज पाटिल सड़क पर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने ट्रक चालक असगर उमर खान को भी हिरासत में ले लिया।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह हादसा उस वक्त हुआ जब सूरज पाटिल (32) काम के बाद दादर से नवी मुंबई अपने घर लौट रहा था। पुलिस की मानें तो गुरुवार रात 10 बजे सूरज पाटिल अन्नाभाऊ साठे ब्रिज के फ्लाईओवर पर पहुंचा। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी बाइक (MH03-DQ-0982) को जोर से टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद सूरज सड़क पर गिर गया और उसके सिर, पेट और पैरों में गंभीर चोटें आईं। इस हादसे की जानकारी राहगीरों ने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम को दी। इस बाबत नेहरू नगर पुलिस थाने के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर भाबल ने कहा कि इस बीच, पुलिस की गश्ती वैन मौके पर पहुंच गई और घायल सूरज को राजावाड़ी अस्पताल ले गई। जहां, डॉक्टरों ने सूरज पाटिल को मृत घोषित कर दिया। सूरज पाटिल की जेब में रखे दस्तावेजों की जांच के बाद उसके परिजनों को घटना की जानकारी दी गई। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि उनके छोटे भाई मनोज (26) मौके पर पहुंचे और उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। ट्रक चालक असगर उमर खान को भी हिरासत में लिया गया है।