ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को लोगों ने जमकर पीटा, अर्धनग्न कर करवाई परेड

मुंबई: महाराष्ट्र में सख्त कानून होने के बावजूद लड़कियों के साथ छेड़छाड़ के मामले बढ़ रहे है। ताजा मामला मुंबई के घाटकोपर से सामने आया है, यहां के कामराज नगर में एक रोड रोमियो को स्थानीय लोगों ने पीटकर सबक सिखाया।
आरोप है कि लड़का कथित तौर पर स्कूल जाने वाली लड़कियों से छेड़छाड़ किया करता था। बताया गया कि आज भी उसने एक 12 साल की स्कूली छात्र से छेड़छाड़ की, जिस वजह से लोगों ने उसे जमकर पीटा। लोगों ने आरोपी को पीटने के बाद अर्धनग्न अवस्था में परेड भी करवाई। शिकायत के बाद मामले की जांच पुलिस की तरफ से भी शुरू की गयी है।
मिली जानकारी के मुताबिक, इलाके के लोगों को जब पता चला कि पिछले कुछ दिनों से एक रोड रोमियो स्कूल जाने वाली छात्राओं को परेशान कर रहा है। तो उन्होंने उसे सबक सिखाने की ठानी। आरोपी की पिटाई भी तभी कि गयी जब वह वारदात को अंजाम दे रहा था। उसी समय लोगों की नजर उस पर पड़ गयी। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने उसे धरदबोचा और उसकी खूब धुनाई कर दी। लड़के को सड़क पर उठक-बैठक करवाया गया। इस घटना का वीडियो वायरल हो गया है।
वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया है और शिकायत दर्ज करने का काम चल रहा है। पुलिस वीडियो के आधार पर सबूत जुटा रही है। जबकि वहां लगे कुछ सीसीटीवी की भी जांच की जाने की बात कही जा रही है। पुलिस संबंधित क्षेत्र में चौकसी बढ़ाने का दावा कर रही है। जल्द ही आरोपी को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ किया जा सकता है।