ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई में फ्लैट की छत गिरने से बुजुर्ग दंपति की मौत, परिवार में छाया मातम

मुंबई: आजादी का 75वीं वर्षगांठ पूरे देश में धूमधाम के साथ मनाया गया। वहीं, दूसरी तरफ मुंबई में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां सोमवार देर शाम करीब आठ बजे के आसपास एक बिल्डिंग की छत गिरने से दो लोगों की मौत हो गई। छत गिरने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग बिल्डिंग की तरफ भागे लेकिन बुजुर्ग दंपति को बचाया नहीं जा सका। हादसे के बाद पलभर में परिवार की खुशियां मातम में बदल गई। स्थानीय लोगों ने कहा दंपति काफी दिनों से इस बिल्डिंग में रह रहे थे। इसकी छत काफी जर्जर थी। जिसको लेकर बीएमसी नोटिस भी जारी कर चुकी थी।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) से मिली जानकारी के मुताबिक, मरने वालों में पति-पत्नी हैं, जिसमें 93 साल का एक बुजुर्ग और एक 87 साल की एक बुजुर्ग महिला शामिल है। हादसे की सूचना बीएमसी को 1916 हेल्पलाइन नंबर पर मिली थी। घटना के बाद इमारत में मौजूद सभी को सुरक्षित निकाल लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मुलुंड पूर्व के नानेपाड़ा स्थित मोती छाया बिल्डिंग में पहली मंजिल की छत गिर गई। घटना में बुजुर्ग दंपति देवशंकर नथालाल शुक्ला (93) और आर्किबेन देवशंकर शुक्ला (87) की मौत हो गई। हादसा बिल्डिंग के जिस फ्लोर पर हुआ, उसका 25 साल पहले ही निर्माण कराया गया था और मुंबई महानगरपालिका ने धारा 351 के तहत नोटिस भी जारी किया था। हादसा होने के बाद दोनों घायलों को क्रिटिकल केयर अस्पताल ले जाया गया जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना के बाद मृतकों के घर में मातम का माहौल बना हुआ है।