ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई शहर

मुंबई में सुबह अचानक बिजली गुल होने से लोकल ट्रेन सेवा प्रभावित, पुनः चालू

मुंबई: मायानगरी मुंबई में रविवार सुबह अचानक बिजली चली गई। इसका असर रेल सेवा पर भी पड़ा है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, मुंबई में रविवार सुबह मध्य, पश्चिमी और दक्षिणी हिस्सों में बिजली गुल हो गई, जिससे शहर की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवा प्रभावित हुई।
बता दें कि अक्टूबर 2020 के बाद से देश की आर्थिक राजधानी में यह पहला बड़ा बिजली संकट (Power Outage) है। अधिकारियों ने कहा कि ग्रिड फेल होने के कारण यह हालात बने हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने रविवार सुबह लगभग 10 बजे ट्वीट किया- ‘कुछ तकनीकी दिक्कतों के कारण शहर के कई हिस्सों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। हमारी टीम समस्या को हल करने के लिए मैदान पर है। एक घंटे में बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद है। हमें असुविधा के लिए खेद है।
लगभग एक घंटे बाद महाराष्ट्र स्टेट इलेक्ट्रिसिटी ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड (MSETCL) ने कहा कि सभी ट्रांसमिशन लाइनों को बहाल कर दिया गया है। टाटा पावर सप्लाई ने सुबह 9:50 से 10:53 के बीच बिजली गुल होने की सूचना दी। तकनीकी खराबी के कारण बिजली कटौती की गई। बीएमसी के अधिकारियों के मुताबिक, मुलुंड-ट्रॉम्बे पर एमएसईबी 220 केवी ट्रांसमिशन लाइन के ट्रिपिंग के कारण मुंबई के अधिकांश हिस्सों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई थी। बेस्ट के इलेक्ट्रिक सप्लाई डिवीजन के प्रमुख ने भी यही जानकारी दी।