दिल्लीमहाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

मुंबई: राज ठाकरे से उनके घर पर आशीष शेलार ने की गुप्त चर्चा

राज ठाकरे व आशीष शेलार (फाइल फोटो)

मुंबई: शिवसेना के खिलाफ राज ठाकरे और उनकी पार्टी मनसे को इस्तेमाल करने की कोशिशें भाजपा में परवान चढ़ रही हैं। बुधवार की शाम राज ठाकरे के घर पर भाजपा नेता आशीष शेलार और राज ठाकरे के बीच एक घंटे गुप्त चर्चा हुई।
उल्लेखनीय है कि राज ठाकरे ने अपने 23 जनवरी के सम्मेलन में मोदी सरकार द्वारा लाए गए सीएए और एनआरसी कानून का समर्थन किया था। सीएए और एनआरसी के समर्थन की भूमिका लेने से पहले राज ठाकरे और देवेंद्र फडणवीस के बीच परेल के एक होटल में मुलाकात हुई थी। लेकिन बाद में राज ठाकरे ने अपनी भूमिका बदल ली और सीएए का समर्थन न करने का ऐलान कर दिया। इसके बाद शेलार राज ठाकरे से मिलने उनके घर गए। इतना ही नहीं भाजपा के दो बड़े नेता प्रदेशाध्यक्ष चंद्रकांत पाटील और पूर्व मंत्री सुधीर मुनगंटीवार भविष्य में मनसे-भाजपा गठबंधन की संभावनाएं व्यक्त कर चुके हैं।
बता दें कि राज ठाकरे ने 9 फरवरी को मुंबई में मोर्चा निकालने का ऐलान किया है। राज ठाकरे की पार्टी मनसे अपने नए झंडे के तले यह पहला बड़ा आंदोलन करने जा रही है। मनसे का प्रस्तावित मोर्चा पाकिस्तानी और बांग्लादेशियों को देश से बाहर खदेड़ने की मांग को लेकर है। एक तरह से यह मांग भाजपा के एनआरसी का समर्थन ही है। कहा जा रहा है कि शेलार और राज ठाकरे के बीच इसी मुद्दे पर चर्चा हुई है। भाजपा मनसे के इस मोर्चे को अप्रत्यक्ष रूप से मदद कर सकती है।

मनसे ने मांगी मोर्चे की अनुमति
मनसे ने भायखला आजाद मैदान तक मोर्चा निकालने की अनुमति मुंबई पुलिस से मांगी है। इस बारे में मनसे नेता बाला नांदगांवकर और शिरीष सावंत ने मुंबई पुलिस आयुक्त संजय बर्वे से मुलाकत की और उन्हें अपना आवेदन सौंपा है।

माहौल बिगाडने की कोशिश
इस मोर्चे पर मुंबई के पालक मंत्री असलम शेख ने कहा है कि मनसे मोहम्मद अली रोड से मोर्चा निकालने की मांग खुद को चर्चा में लाने के लिए कर रही है। शेख का आरोप है कि मनसे जानबूझकर मुंबई की कानून और व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयत्न कर रही है।