ब्रेकिंग न्यूज़मुंबई उपनगरमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: लड़कियों को किस करके भागने वाला गिरफ्तार, विडियो वायरल होने के बाद हरकत में पुलिस

मुंबई: महिला सुरक्षा का दावा करने वाली ठाकरे सरकार और मुंबई पुलिस का दावा कितना खोखला है। इसका ताजा उदाहरण माटुंगा रेलवे स्टेशन पर देखने को मिला, जहां एक सीरियल किसर फुट ओवरब्रिज से गुजरने वाली महिलाओं और युवतियों को मौका देख उससे छेड़छाड़ कर फरार हो जाया करता था।
खास बात यह है कि वह पिछले कई दिनों से वारदात को अंजाम दे रहा था, लेकिन इसकी भनक महज एक किलोमीटर के दायरे में बैठी माटुंगा रेलवे पुलिस को नहीं लगती थी। गुरुवार को सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर विडियो वायरल होने के बाद पुलिस भी हरकत में आई और आरोपी को गिरफ्तार कर घटना की जांच में जुट गई है।
वायरल विडियो में साफ देखा जा सकता है कि माटुंगा स्टेशन के एक फुट ओवरब्रिज से देर शाम एक युवती गुजर रही है। अचानक उसके पीछे एक सिरफिरा युवक आता है और पीछे से लड़की को किस कर भाग जाता है। यह घटना 25 जनवरी की रात की बताई जा रही है। लड़की ने घर पहुंचकर परिजन को इसकी जानकारी दी।

दर्जनों लड़कियों के साथ छेड़छाड़
26 जनवरी को दादर जीआरपी में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई। रेलवे पुलिस ने आरोपी को एंटापहिल से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम हबीबुर खान है, उस पर चोरी के मामले भी दर्ज हैं। माटुंगा स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज चेक करने पर पता चला कि इससे पहले वह दर्जनों महिलाओं और लड़कियों के साथ छेड़छाड़ कर चुका था।