दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के लिए अनुमति मांगी है, मंजूरी मिलने के बाद और ज्यादा लोगों को सफर करने की अनुमति दी जाएगी: मुख्यमंत्री

मुंबई: महाराष्ट्र के नागरिकों को मंदिर और जिम को खुलने के लिए अभी इंतजार करना पड़ेगा। मुंबई में आम लोगों के लिए उपनगरीय लोकल ट्रेनों को जल्द शुरू नहीं किया जाएगा। रविवार को सोशल मीडिया के जरिए प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि हमें राज्य में दोबारा लॉकडाउन की स्थिति नहीं आने देनी है। जिन गतिविधियों को शुरू किया है उसको बंद करने की नौबत नहीं आने देनी है। इसलिए मैं मंदिर शुरू करने के लिए जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लेना चाहता। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई में लोकल ट्रेनों की संख्या बढ़ाने के लिए अनुमति मांगी गई है। इसकी मंजूरी मिलने के बाद लोकल ट्रेनों में और ज्यादा लोगों को सफर करने की अनुमति दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं जिम चालकों से भी बातचीत कर रहा हूं। उनके लिए भी एक नियमावली तैयार करनी पड़ेगी।

किसानों को मिलेगी नुकसान भरपाई
सीएम ठाकरे ने कहा कि राज्य के विभिन्न इलाकों में अतिवृष्टि के कारण फसलों का हुए नुकसान के लिए पंचनामा करने के आदेश दिए गए हैं। लगातार बारिश होने के कारण फसलों का हुए नुकसान के लिए किसानों को मदद राशि दी जाएगी। इसके लिए किसान चिंता न करे। विदर्भ में अतिवृष्टि के कारण हुए नुकसान के लिए मदद राशि मंजूर की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों को जैसे का तैसे स्वीकार नहीं किया जाएगा। राज्य सरकार किसानों का नुकसान नहीं होने देगी। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए कोई फैसला लिया जाएगा।

1 करोड़ 18 लाख परिवारों की स्वास्थ्य जांच
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में मेरा परिवार, मेरी जिम्मेदारी अभियान के तहत 1 करोड़ 18 लाख 56 हजार परिवारों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इस अभियान में भंडारा की स्वास्थ्य सेविका पुष्पा वाढई, भारती वासनिक और अहमदनगर के सुदाम जाधव ने प्रशंसनीय काम किया है।

12 लाख 55 हजार कोरोना संक्रमित ठीक हुए
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में अभी तक 15 लाख 17 हजार 734 कोरोना संक्रमित हुए हैं। इनमें से 12 लाख 55 हजार 779 मरीज ठीक होकर घर पर जा चुके हैं। वहीं राज्य में 40 हजार लोगों की कोरोना के कारण मौत हो चुकी है।

मुख्यमंत्री की नसीहत
उद्धव ठाकरे ने कहा कि सभी लोगों को मास्क तरीके से लगाना चाहिए। मास्क कोई गॉगल नहीं है कि उसको माथे रखा जाए। मास्क को व्यवस्थित रूप से मुंह पर लगाना चाहिए। मास्क से मुंह और नाक ढका होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि आप किसी व्यक्ति से बात कर रहे हैं यदि उस व्यक्ति ने मास्क नहीं लगाया है तो पहले आप मास्क लगाने के लिए कहिए। इसके बाद ही उनसे बातचीत करिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जगहों पर मास्क नहीं निकालना चाहिए।