मुंबई से यूपी अकेले पहुंची गर्लफ्रेंड ने बनाया शादी के लिए दबाव, लड़के ने बुला ली पुलिस!

गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां मुंबई की रहने वाली एक लड़की दो दिन पहले गोरखपुर आई और यहां गुलहरिया के रहने वाले अपने बॉयफ्रेंड से शादी के लिए जिद करने लगी। लड़की की हैरानी का ठिकाना नहीं रहा, जब युवक ने किसी तरह के प्रेम संबंध होने से साफ इनकार कर दिया और पुलिस बुला ली। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों को थाने ले गई। बाद में पुलिस ने समझाकर प्रेमिका को उसकी मौसी के घर भेज दिया।
अब लड़की ने पुलिस को शिकायत देकर इंसाफ की गुहार लगाई है। करीब ढाई साल पहले एक विवाह समारोह के दौरान अंकित सहानी की मुलाकात मुंबई के पनवेल की रहने वाली एक लड़की से हो गई। उस लड़की का गांव कुशीनगर के हाटा कोतवाली क्षेत्र में है। दोनों एक ही विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। पहली मुलाकात में दोनों में दोस्ती हुई, फिर दोस्ती प्यार में बदल गई। इसके बाद लड़की मुंबई चली गई, कुछ दिन बाद अंकित साहनी भी काम के सिलसिले में पनवेल चला गया और पनवेल में रहकर वह फर्नीचर का काम करने लगा। अंकित लॉकडाउन में अपने गांव वापस आ गया। उधर मुंबई में उसकी गर्लफ्रेंड उसका इंतजार करती रही, जब अंकित नहीं आया तो उसके इंतजार का बांध टूट गया।
1 जुलाई को शादी रचाने के लिए वह अकेले ही मुंबई से गोरखपुर पहुंची। और अंकित के घरवालों को अपनी प्रेम कहानी सुनाकर शादी करने का दबाव बनाने लगी।
इधर अंकित के घरवालों ने प्रेमिका से कहा कि घर के लोगों के साथ बातचीत होगी, उसके बाद जैसा होगा देखा जाएगा। जब प्रेमिका ने अंकित के घरवालों की बात भी नहीं मानी तो पुलिस को सूचना दी गई। शुक्रवार को प्रेमिका थाने पहुंची, उसने लिखित तहरीर देकर शारीरिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्रेमी को पूछताछ के लिए थाने बुला लिया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच चल रही है। लड़की ने लिखित तहरीर दी है, दोनों पक्षो में भी बातचीत चल रही है।
