महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

मुंबई: सड़क के गड्‌ढों में लोक निर्माण मंत्री एकनाथ का चित्र बनाकर जताया विरोध

मुंबई, मुंबई और ठाणे में हुईं भारी बारिश के बाद सड़कों पर अनगिनत गड्ढे हो गए हैं। इन गड्ढों की वजह से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। हादसों को कम करने के लिए मनपा और लोकनिर्माण विभाग पूरी तरह से फेल साबित हो रहा है, जिसे लेकर स्थानिक लोगों में काफी गुस्सा देखा जा रहा है।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने मिलकर गड्‌ढों में ही लोक निर्माण मंत्री एकनाथ शिंदे का चित्र बनाकर अनोखा विरोध शुरू कर दिया है। इसके तहत लोग सड़कों पर घूम-घूमकर मंत्री के चित्र बना रहे हैं।

508 सड़कों पर 30 हजार से ज्यादा गड्‌ढे
रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई में 508 सड़कों पर 30 हजार से ज्यादा गड्‌ढे हैं। पिछले साल सामाजिक कार्यकर्ता नवीन लाड ने 26934 गड्‌ढे खोजकर वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ इंडिया में नाम दर्ज कराया था।
मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से बारिश हो रही है। जगह-जगह जलभराव से हालात हैं। मुंबई की मीठी नदी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। निचले इलाकों में पानी भर गया। 400 लोगों को दूसरी जगह पहुंचाया गया है। लोकल ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हुआ है।

पश्चिमी महाराष्ट्र में बाढ़ से हालात
पश्चिमी महाराष्ट्र में लगातार बारिश के बाद कोल्हापुर, पुणे, रायगढ़, सतारा और सांगली जिलों में अब तक 1.32 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेज दिया गया। पिछले सात दिनों में पश्चिमी महाराष्ट्र से बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में 16 लोगों की मौत हुई। एनडीआरएफ और सेना के जवानों ने गुरुवार सुबह से कोल्हापुर, सतारा और सांगली के बाढ़ग्रस्त इलाकों में फिर से रेस्क्यू शुरू किया। गुरुवार को भी कोल्हापुर, सांगली और पुणे की 14 तहसीलों में स्कूल-कॉलेज बंद है।