उत्तर प्रदेशचुनावी हलचलदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़राजनीति

मोदी के पास 38,750 रुपए कैश, कुल संपत्ति 2.51 करोड़

5 साल में 50% का इजाफा…

वाराणसी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को दूसरी बार वाराणसी से लोकसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया। 2014 में यह सीट उनके लिए नई थी। हलफनामे के मुताबिक, पिछले 5 साल में मोदी की संपत्ति में करीब 50% का इजाफा हुआ है। घर के दाम में 10 लाख की बढ़ोतरी भी दिखाई गई, पर सोने की अंगूठियों के दाम पिछली बार से कम दिखाए गए हैं।
हलफनामे के मुताबिक, मोदी की कुल चल-अचल संपत्ति 2,51,36,119 रु. है जबकि 2014 में दिए हलफनामे के अनुसार उनकी कुल चल-अचल संपत्ति 1,65,91,582 थी।
मोदी ने 2014 में गांधीनगर स्थित घर की कीमत 1 करोड़ रु. बताई थी। इस बार हलफनामे में इस मकान की कीमत 1.10 करोड़ रु. हो गई है।
4 सोने की अंगूठियों की कीमत 1,13,800 रु. बताई है। 2014 में 45 ग्राम की इन अंगूठियों की कीमत 1,35,000 बताई थी, यानी इस बार इनकी कीमत 21200 रु. घट गई।
हलफनामे में बताया गया कि मोदी के गांधीनगर स्थित एसबीआई बैंक के खाते में 4,143 रु. हैं। एफडी में 1,27,81,574 रु., 7,61,466 रु. की एनएससी और 1,90,347 रु. की एलआईसी है। मोदी के एक कंपनी में 20 हजार रु. के शेयर हैं। कैश के रूप में उनके पास 38,750 रु. हैं।

2014 के हलफनामे में क्या दर्शाया गया :

कैश के रूप में 32,700 रु.
बैंक खातों में जमा रकम 58.54 लाख रु.
कंपनी में शेयर 20 हजार रु.
एनएससी 2.35 लाख रु.
एलआईसी 1.99 लाख रु.

4 चरणों में 5378 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 4.50 करोड़ :
चार चरणों में 5378 उम्मीदवारों के हलफनामों का विश्लेषण एडीआर ने किया है। इसके आधार पर इनकी औसत संपत्ति 4.50 करोड़ रु. निकली। पहले चरण में 1266 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 6.63 करोड़, दूसरे चरण में 1590 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 3.9 करोड़, तीसरे चरण में 1594 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 2.95 करोड़ और चौथे चरण में 928 उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 4.50 करोड़ रु. रही।