ratan tata news
मुंबई: बिजनेस टाइकून रतन टाटा का बुधवार रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में निधन हो गया। महाराष्ट्र कैबिनेट ने भारत के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ‘भारत रत्न’ (Bharat Ratna) के लिए दिवंगत उद्योगपति का नाम केंद्र सरकार को भेजने का फैसला किया है। यह प्रस्ताव गुरुवार को कैबिनेट बैठक के दौरान पारित किया गया।
मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई में हुई राज्य कैबिनेट की बैठक मे दिग्गज उद्योगपति रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी गई। सीएम शिंदे ने बैठक में इस संबंध में शोक प्रस्ताव पेश किया। इस अवसर पर एक प्रस्ताव भी पारित किया गया जिसमें केंद्र से पद्म विभूषण रतन टाटा को उनकी उपलब्धियों के लिए ‘भारत रत्न’ से सम्मानित करने का अनुरोध किया गया। भारत के सबसे बड़े समूह टाटा संस के मानद अध्यक्ष (चेयरमैन) रतन टाटा का बुधवार रात 86 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया जा चुका है। बता दें कि उद्योगपति रतन टाटा के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए मुंबई के एनसीपीए लॉन में रखा गया है जहां उन्हें कई वीवीआईपी समेत लाखों चाहने वालों ने उन्हें नम आँखों से श्रद्धांजलि दी।
