ब्रेकिंग न्यूज़राजस्थान

राजपूत करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष को मारी गोली; मचा हड़कंप, समर्थकों ने हमलावर को पकड़कर पीटा

उदयपुर: राजस्थान उदयपुर में ‘राजपूत करणी सेना’ के प्रदेश अध्यक्ष भंवर सिंह सलाडिया पर हमला हुआ है। उन्हें रविवार सुबह में गोली मार दी गई। उन्हें कमर में गोली लगी। सलाडिया को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिग्विजय नाम के आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस पड़ताल में जुटी है। पता चला है कि पुरानी रंजिश के चलते यह वारदात हुई है। मौके पर मौजूद भीड़ ने गोली मारने वाले आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया। घटना रविवार (13 अगस्त) को भूपाल नोबल्स (बीएन) यूनिवर्सिटी में दोपहर 1 बजे की है। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात से हड़कंप मच गया, पुलिस प्रशासन मुस्तैद है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यूनिवर्सिटी में संगठन के कार्यक्रम के बाद ‘करणी सेना’ के प्रदेशाध्यक्ष सलाडिया नाश्ता करने जा रहे थे। इसी दौरान दिग्विजय सिंह नाम का एक व्यक्ति उनके पास आया। वह बात करने के बहाने साइड में ले गया और भंवर सिंह को गोली मार दी। गोली की आवाज से अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने आरोपी को मौके पर ही पकड़कर पहले पीटा और फिर ​​​​पुलिस के हवाले कर दिया।

कार्यक्रम में मौजूद था आरोपी, खत्म होने का इंतजार कर रहा था
यूनिवर्सिटी में विभिन्न मांगों को लेकर हुए कार्यक्रम में आरोपी दिग्विजय सिंह भी मौजूद था। बताया जा रहा है कि दिग्विजय राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना का पूर्व जिलाध्यक्ष रहा है। आरोपी को करीब 4 महीने पहले ही जिलाध्यक्ष पद से हटाया गया था। इसके बाद से ही वह नाराज चल रहा था। दिग्विजय सिंह और भंवर सिंह के बीच आपसी मतभेद भी बताए जा रहे हैं। उसने प्रदेश पदाधिकारियों के सामने कभी खुलकर नाराजगी व्यक्त नहीं की, लेकिन आज यूनिवर्सिटी में मौका पाकर प्रदेशाध्यक्ष पर फायरिंग कर दी। वर्तमान में आरोपी ‘आम आदमी पार्टी’ (AAP) से जुड़ा हुआ था।

हम मामले की जांच कर रहे हैं: एसपी
उदयपुर एसपी भुवन भूषण यादव ने बताया कि आरोपी खेरोदा निवासी दिग्विजय को आपसी विवाद के चलते जिलाध्यक्ष पद से हटा दिया था। इनके बीच पद से हटाने का विवाद है या फिर कोई और विवाद रहा है। उसको लेकर मामले की जांच कर रहे हैं।
घायल प्रदेशाध्यक्ष का हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है, उनकी हालत खतरे से बाहर है। फिलहाल, आरोपी के साथ और कौन था, उस बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। एसपी ने बताया कि फायरिंग के बाद वहां मौजूद लोगों ने आरोपी दिग्विजय को बुरी तरह पीटा, जिससे उसके सिर में चोट आई। आरोपी को पुलिस हॉस्पिटल ले गई।