ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्र

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने घोषित किए पांच उम्मीदवारों की लिस्ट, सुप्रिया सुले बारामती से लड़ेंगी चुनाव

मुंबई: लोकसभा 2024 चुनावों के लिए शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) ने कैंडिडेट का ऐलान शुरू कर दिया है। पार्टी ने पहली सूची में कुल 5 उम्मीदवारों का ऐलान किया है। इसमें शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले को एक बार फिर से बारामती लोकसभा सीट से प्रत्याशी बनाया गया है। सुप्रिया सुले बारामती में जीत की हैट्रिक लगा चुकी हैं। अब 2024 के चुनाव में वह चौथी बार जीतने के लिए लड़ेंगी। एनसीपी (एसपी) के प्रदेश अध्यक्ष जयंत पाटिल ने इन उम्मीदवारों की घोषणा की।
शरद पवार की एनसीपी ने अमर काले को वर्धा लोकसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। वहीं डॉ. अमोल कोल्हे को शिरूर से दूसरी बार मौका मिला है। इसके अलावा निलेश लंके को अहमदनगर दक्षिण से, डिंडोरी से भास्कर भागरे, बारामती से सुप्रिया सुले को उम्मीदवार बनाया गया है।
शरद पवार की पार्टी के करीब सात से आठ सीटों पर लड़ने की उम्मीद है। 2019 लोकसभा चुनावों में अविभाजित एनसीपी को चार सीटों पर जीत मिली थी। तब पार्टी ने राज्य की 19 सीटों पर चुनाव लड़ा था।

महाराष्ट्र में हैं कुल 48 सीटें
महाराष्ट्र में लोकसभा की कुल सीटों की संख्या 48 है। इनमें 5 सीटें अनुसूचित जाति के लिए रिजर्व हैं। चार सीटें अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं। ऐसे में महाराष्ट्र में कुल आरक्षित सीटों की संख्या 9 है। 2008 के डी-लिमिटेशन से पहले आरक्षित सीटों की संख्या 7 थी। महाराष्ट्र की 48 लोकसभा सीटों के लिए पांच चरणों में चुनाव है।