ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

लालबागचा राजा की पहली मनमोहक झलक आई सामने! 16 करोड़ का मुकुट बना आकर्षण

ख़ुशी जायसवाल / मुंबई

मुंबई समेत पूरा महाराष्ट्र बप्पा के स्वागत के लिए तैयार है। वहीं, मुंबई के सबसे प्रख्यात गणपति ‘लालबागचा राजा’ का पहला लुक सामने आ चुका है। महाराष्ट्र ही नहीं पूरे देश में लोकप्रिय लालबागचा राजा सार्वजानिक गणेशोत्सव मंडल ने गुरूवार की शाम मीडिया के लिए लालबाग के राजा की प्रतिमा खोल दी। इसी बीच ‘गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया’ के जयकारों के साथ पूरा लालबाग गुंजायमान हो उठा। जयकारे के बीच पहली झलक पाने के लिए बेताब भक्तों को गणपति बप्पा ने दर्शन दिए। इस बार पंडाल की साज-सज्जा के अलावा 16 करोड़ का मुकुट आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बड़ी तादाद में यहां लोग अपनी मनोकामना लिए गणपति बप्पा के दर्शन करने आते हैं।
बता दें कि मुंबई में लालबाग का राजा सबसे मशहूर गणेश मंडल है। यहां महाराष्ट्र ही नहीं बल्कि देश-विदेश भर के वीवीआईपी बप्पा के दर्शन के लिए आते हैं। गणेश चतुर्थी से शुरू गणेशोत्सव पूरे 11 दिन चलता है। लालबाग के राजा का दर्शन करने बड़ी संख्या में गणेशभक्त यहां आते हैं। ‘लालबागचा राजा’ सिर्फ एक गणपति प्रतिमा नहीं है; यह मुंबई की संस्कृति, एकता और भावनाओं का प्रतीक है। हर साल, गणेश चतुर्थी के दौरान यह विराटकाय प्रतिमा लाखों भक्तों की आस्था और प्रेम का केंद्र होती है। मुंबई के दिल में बसी इस प्रतिमा को देखने के लिए लोग हर साल बेसब्री से इंतजार करते हैं। लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल की ‘लालबागचा राजा’ की दिव्य मूर्ति 1934 में बाजार के स्थानीय मछुआरों और व्यापारियों द्वारा स्थापित की गई थी। तब से यह प्रतिमा कंबली परिवार के कारीगरों द्वारा ही तैयार की जाती है।
लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल के सुधीर सालवी ने बताया कि बहुत अच्छे तरीके से लालबाग के राजा की पहली झलक सामने आई है। अच्छे तरीके से मंडल की तैयारी हो चुकी है। कल से लालबाग के राजा के दर्शन के लिए लाइन शुरू होगी। हम लोगों को बढ़िया तरीके से दर्शन करवाएंगे।

ख़बरों के मुताबिक, लालबागचा राजा सार्वजनिक गणेशोत्सव मंडल में अनंत अंबानी को ऑनरी पद पर नियुक्त किया गया है। अंबानी परिवार इस गणेश मंडल के पैसेंट असिसटेंट फंड स्कीम में योगदान दिया है। रिलायंस फाउंडेशन ने लालबाग के राजा मंडल को 24 डायलिसिस मशीनें भी दी हैं। हर साल अंबानी परिवार करोड़ों के दान भी देता है।

इस बार गणेश चतुर्थी का पर्व 7 सितंबर, शनिवार से शुरू होगा और 17 सितंबर को यह पर्व अनंत चतुर्दशी पर समाप्त होगा। मान्यता है कि 10 दिनों तक चलने वाले गणेश चतुर्थी के दौरान आम से लेकर खास तक हर कोई लालबाग के राजा की एक झलक पाने के लिए बेताब रहता है। ऐसा कहा जाता है कि लालबाग के राजा का दर्शन करने वाले भक्तों की हर मनोकामना गणेश जी पूरी करते हैं। गणेश चतुर्थी के 10वें दिन बप्पा की मूर्ति का विसर्जन यात्रा भी काफी शाही तरीके से निकाली जाती है।