varanasi crime news
वाराणसी: लंका थाना क्षेत्र के नरोत्तमपुर गांव के पूरब तरफ सिवान में एक 35 वर्षीय युवक की सिर पर ईंट से प्रहार कर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या करने के बाद बॉडी को खेत में फेंक कर आरोपी फरार हो गए। मामले की जानकारी मंगलवार की सुबह स्थानिक किसानों के पहुंचने के बाद हुई। खेत में पड़ा युवक का शव देखकर लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी।
सूचना पर एसीपी भेलूपुर, प्रभारी निरीक्षक लंका फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके से खाली देसी शराब की शीशी मिली है। मरने के पहले हत्या आरोपियों से जमकर लड़ा था। क्योंकि उसकी चप्पल चकरोड पर पड़ी थी। जिस जगह उसकी हत्या हुई, लड़ाई होने के कारण उसके पैर के निशान भी जगह-जगह खेत में काफी दूर तक दिखाई दे रहा था।
पुलिस की माने तो हत्यारोपी इलाके से परिचित रहे होंगे और युवक को लाकर पहले साथ में शराब पिलाई होगी। इसके बाद उसको मौत के घाट उतार दिया। घटनास्थल के अगल-बगल कुछ दूर लोग रहते हैं लेकिन उनको भी कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस का मानना है कि घटना में दो से अधिक लोग शामिल होंगे। मृतक देखने से मजदूर लग रहा था। मौके पर एडीसीपी काशी भी पहुंचे थे। क्राइम ब्रांच की टीम घटना के खुलासे में लगी है। मौके पर खून का निशान पड़ा था। मौके से दो ईट का टुकड़ा भी बरामद हुआ है। पुलिस मृतक की पहचान करने में जुटी है।
