उत्तर प्रदेशशहर और राज्य

वाराणसी: चलती आटो में महिला ने उड़ाए जेवरात व नकदी, हुई गिरफ्तार, गहने बरामद

वाराणसी: कोरोना काल में सवारी वाहन में सफर कर रही महिलाएं चोरों के निशाने पर है। बुधवार को चलती आटो में एक महिला के बैग से जेवरात व नकदी रुपये गायब हो गए। महिला को संदेह हुआ तो साथ में सफर कर रही दो महिलाओं से पूछताछ की, लेकिन दोनों टालमटोल कर भागने लगी।
पीड़ित महिला ने पास के ही भींटी पुलिस चौकी में मामले की जानकारी दी। पुलिस ने दोनों महिलाओं को पकड़ लिया और तलाशी लेने पर उनके पास से नकदी व जेवरात बरामद हुआ। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस केस दर्ज कर अगली कार्रवाई में जुटी।
थाना जैतपुरा के शैलपुत्री निवासिनी प्रियंका विश्वकर्मा पति अशोक विश्वकर्मा के साथ अपने मायके बिहार, भभुआ जा रही थीं। गोलगढ्ढा से आटो पकड़कर वह रामनगर चौराहे पर पहुंची। यहां से टेंगरामोड़ जाने के लिए दूसरी आटो में बैठ गई। उसी आटो में दो और महिलाएं बैठी हुई थीं। दोनों को टेंगरा मोड जाना था। जब आटो टेंगरा मोड पहुंची तो दोनों महिलाएं उतरकर जाने लगी। प्रियंका ने जब अपना बैग देखा तो उसका चैन खुला हुआ था। संदेह होने पर प्रियंका ने दोनों महिलाओं से पूछताछ की तो वह कुछ भी बताने से इंकार करने लगी और जाने लगी। प्रियंका ने पास के ही भीटी पुलिस चौकी में पहुंचकर चौकी इंचार्ज विनोद मिश्रा से अपनी आपबीती सुनाई। चौकी इंचार्ज पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को हिरासत में ले लिया। जब दोनों के बैग की तलाशी ली तो सोने का हार, चांदी की चार चैन, नेकलेस, कान का झुमका, चांदी की अंगूठी व 750 रुपये बरामद हुआ।