चुनावी हलचलदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

विधानसभा चुनाव: महाराष्ट्र, हरियाणा में 21 अक्टूबर को होगा चुनाव, 24 को आएंगे नतीजे…

मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा

मुंबई, महाराष्‍ट्र में 288 विधानसभा सीटों के लिए चुनावी शंखनाद हो गया है। मुख्‍य चुनाव आयुक्‍त सुनील अरोड़ा ने ऐलान किया है कि 21 अक्‍टूबर को एक चरण में राज्‍य में विधानसभा चुनाव होगा और वोटों की गिनती 24 अक्‍टूबर को होगी। इसके साथ ही राज्‍य में आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है।
बता दें कि महाराष्‍ट्र में 9 नवंबर को विधानसभा का कार्यकाल खत्‍म हो रहा है। अरोड़ा ने कहा कि ईवीएम की 24 घंटे सुरक्षा के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे। महाराष्‍ट्र में चुनाव के लिए 1.8 लाख ईवीएम का इस्‍तेमाल किया जाएगा। अब चुनावी राज्‍य महाराष्‍ट्र में नई घोषणाएं नहीं चलेंगी। नोटिफिकेशन जारी करने के बाद सातवें दिन नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। नामांकन भरने के अंतिम दिन के बाद अगले दिन चुनाव अधिकारी उम्मीदवारों के फॉर्म की छंटनी करेगा। छंटनी करने बाद दो दिन का समय नाम वापसी के लिए दिया जाएगा।
नाम वापस लेने के अगले दिन से उम्मीदवार को 14 दिन प्रचार के लिए मिलेंगे। चुनाव प्रचार खत्म होने के तीसरे दिन मतदान होगा। इसकी अगली सुबह चुनाव आयोग री-पोल के लिए एक दिन रिजर्व रखेगा। री-पोल के तीसरे दिन मतों की गणना के साथ ही नतीजे घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग चाहे तो नतीजे घोषित होने के दूसरे दिन ही नतीजों से संबंधित नोटिफिकेशन जारी कर सकता है।
गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों में 122 सीटों पर जीतकर बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। 25 सालों में पहली बार शिवसेना और बीजेपी ने अलग-अलग चुनाव लड़ा और अपने दम पर कोई भी बहुमत तक नहीं पहुंच सका था। चुनाव के बाद दोनों ने एक बार फिर गठबंधन सरकार बनाई थी। देवेंद्र फडणवीस सीएम बने थे। इस चुनाव में शिवसेना ने कुल 63 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं कांग्रेस के खाते में 42 और एनसीपी के खाते में 41 सीटें रही थीं। पिछले चुनाव में बीजेपी को 28 फीसदी और शिवसेना को 19 प्रतिशत वोट मिले थे।

मौजूदा सियासी समीकरण
प्रदेश के मौजूदा सियासी समीकरण की बात करें तो एनसीपी और कांग्रेस इस बार साथ चुनाव लड़ने वाले हैं। पिछली बार दोनों ने अलग-अलग चुनाव लड़ा था लेकिन इस बार दोनों दल 125-125 सीटों पर चुनाव लड़ने को सहमत हुए हैं। वहीं, बीजेपी और शिवसेना के बीच गठबंधन को लेकर बातचीत जारी है। माना जा रहा है कि एक-दो दिन में दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे को लेकर अंतिम सहमति बन जाएगी। सूत्रों की माने तो 126 सीटों पर शिवसेना, 144 सीटों पर बीजेपी और 18 सीटों पर अन्य सहयोगी पार्टियां चुनाव लड़ सकती हैं।

हरियाणा और महाराष्ट्र सरकार का कार्यकाल 2 और 9 नवंबर को हो रहा खत्म
महाराष्ट्र और हरियाणा में विधानसभा चुनाव की तारीख का बिगुल बज चुका है। दोनों राज्यों में 21 अक्टूबर को एक ही चरण में मतदान होगा, जबकि 24 अक्टूबर को वोटों की गिनती की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने चुनावी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि दोनों राज्यों में 27 सितंबर को अधिसूचना जारी की जाएगी। 4 अक्टूबर तक नामांकन किया जा सकता है और 7 अक्टूबर तक नामांकन वापस लिए जा सकते हैं। इसके अलावा अलग-अलग राज्यों की 64 विधानसभा सीटों और बिहार की समस्तीपुर लोकसभा सीट पर उपचुनाव भी 21 अक्टूबर को होगा।

288 विधानसभा सीटों वाले महाराष्ट्र में और 90 सीटों वाले हरियाणा में ही एक ही राउंड में मतदान होगा। दोनों राज्यों में 21 अक्टूबर को एक ही चरण में मतदान होगा। दोनों राज्यों में चुनाव आचार संहिता भी लागू हो गई है। अब दोनों राज्यों में कोई नई घोषणाएं नहीं की जा सकेंगी।
महाराष्ट्र में 8.9 करोड़ वोटर और हरियाणा में 1 करोड़ 28 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। हरियाणा की 90 में से 47 सीटों पर बीजेपी को जीत मिली थी। पहली बार हरियाणा में बीजेपी को अपने दम पर बहुमत मिला था और मनोहर लाल खट्टर की अगुवाई में वहां सरकार बनी। वहीं, महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों में 122 सीटों पर जीतकर बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी थी। 25 सालों में पहली बार शिवसेना और बीजेपी ने अलग-अलग चुनाव लड़ा और अपने दम पर कोई भी बहुमत तक नहीं पहुंच सका था। चुनाव के बाद दोनों ने एक बार फिर गठबंधन सरकार बनाई थी।