चुनावी हलचलब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई उपनगरमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस-राकांपा को लग सकता है जोर का झटका

गिरीश महाजन बोले- 25 विधायक मेरे संपर्क में

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विश्वस्त गिरीश महाजन (फाइल फोटो)

मुंबई, महाराष्ट्र के जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि इस साल राज्य में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष को संभवत: बड़ा झटका लगने वाला है। खबर है कि विपक्षी कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के 25 विधायक सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी के संपर्क में हैं। बता दें कि प्रदेश में इस साल अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ने संवाददाताओं से कहा, कांग्रेस और राकांपा के कम से कम 25 विधायक मेरे संपर्क में हैं। उनमें कुछ ने मुझसे व्यक्तिगत तौर पर मुलाकात की है तो कुछ ने फोन पर बात की है या फिर उन्होंने अपने संपर्क सूत्र मेरे पास भेजे हैं और भाजपा में शामिल होने की इच्छा जताई है। नासिक के अभिभावक मंत्री महाजन ने शुक्रवार को जलगांव जिले में भी इसी प्रकार का दावा किया था।

गिरीश महाजन ने कहा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक चव्हाण भी नहीं जानते कि जो लोग उनके आसपास हैं वह जल्दी ही पाला बदल सकते हैं। राजनीतिक परिस्थिति राज्य में पूरी तरह भाजपा के पक्ष में है। महाराष्ट्र में स्थानीय निकाय चुनाव एवं उत्तर महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत का श्रेय महाजन को ही जाता है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के विश्वस्त, महाजन ने कहा कि कांग्रेस और राकांपा एक साथ मिल कर भी राज्य विधानसभा की 50 से अधिक सीटें नहीं जीत सकते हैं। उन्होंने उन आरोपों को खारिज कर दिया कि मुख्यमंत्री व्यक्तिगत तौर पर कांग्रेस के विधायकों को तोड़ने के लिए उन्हें फोन कर रहे हैं।
महाजन ने कहा कि वरिष्ठ कांग्रेस नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल को 17 जून से शुरू होने वाले राज्य विधानमंडल के शीतकालीन सत्र से पहले भाजपा में शामिल कराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष अमित शाह ने नौ जून को दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलायी है जिसमें फडणवीस और राज्य के अन्य वरिष्ठ नेता इसमें शिरकत करेंगे। महाराष्ट्र में 2014 में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 122 सीट जीती थी जबकि सहयोगी शिवसेना ने 63 सीटों पर जीत हासिल की थी।