महाराष्ट्रमुंबई शहर

विमान यात्रा के दौरान गर्भवती महिला ने बच्चे को दिया जन्म

मुंबई , मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह इंडोनेशिया जा रहे एक विमान की आपातकालीन लैंडिंग कराई गई। अबू धाबी से जकार्ता के लिए उड़ान भरे एतिहाद एयरवेज के विमान में एक गर्भवती महिला द्वारा बच्चे को जन्म देने के बाद, विमान को मुंबई डायवर्ट किया गया। इसके बाद यहां विमान की लैंडिग कराकर उसे और नवजात बच्चे को तत्काल स्थानीय अस्पताल में शिफ्ट कराया गया।

बताया जा रहा है कि गर्भवती महिला को फ्लाइट में यात्रा के दौरान ही प्रसव पीड़ा शुरू हुई थी। इसके बाद विमान में केबिन क्रू और अन्य महिला यात्रियों की मदद से उसकी डिलिवरी कराई गई। इस बीच विमान के चालक दल के सदस्यों ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल के अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी।

एटीसी ने इस मामले पर संवेदनशीलता दिखाते हुए विमान को तत्काल मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर उतारने के निर्देश दिए, जिसके बाद तत्काल फ्लाइट की इमर्जेंसी लैंडिंग कराई गई। जहाज के लैंड होने के बाद विमान कंपनी और एयरपोर्ट अथॉरिटी के अधिकारियों ने महिला और उसके नवजात बच्चे को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल में शिफ्ट कराने का इंतजाम कराया।
सूत्रों के मुताबिक, महिला और नवजात को विमान से बाहर निकालने के बाद अधिकारियों ने फिर विमान को गंतव्य पर भेजने की कार्रवाई शुरू की।