दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

शिवसेना नेता संजय राउत के बयान पर कांग्रेस के मंत्री नितिन राउत बोले- ईंट का जवाब पत्थर से देना जानते हैं…

मुंबई: महाराष्ट्र में महाविकास आघाड़ी गठबंधन (शिवसेना, कांग्रेस, एनसीपी) की सरकार तो बन गई लेकिन कांग्रेस और शिवसेना अब भी एक-दूसरे पर लगातार हमलावर हैं। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी पर संजय राउत के बयान के बाद कांग्रेस ने सख्त नाराजगी जताई। अब कांग्रेस नेता और महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितिन राउत ने कहा है कि अगर संजय राउत को लगता है कि हम उनकी बात सुनते रहेंगे तो वह जान लें कि हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम अब ईंट का जवाब पत्थर से देना जानते हैं।
दरअसल, संजय राउत ने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि पूर्व पीएम इंदिरा गांधी मुंबई में अंडरवर्ल्ड डॉन करीम लाला से मिलने आती थीं। इस बयान के बाद कांग्रेस की ओर से कई नेताओं ने संजय राउत को आड़े हाथ लिया, जिसके बाद संजय राउत को अपना बयान वापस लेना पड़ा। संजय राउत ने यह भी दावा किया था कि पहले अंडरवर्ल्ड के लोग ही तय करते थे कि मुंबई का पुलिस कमिश्नर कौन होगा और मंत्रालय में कौन बैठेगा।

नितिन राउत बोले- हम बीजेपी की तरह बर्दाश्त नहीं करेंगे
अब संजय राउत के बारे में महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितिन राउत ने कहा है, इंदिरा गांधी हमारी नेता और आदर्श थीं। संजय राउत तब बीजेपी के खिलाफ टिप्पणी करते थे, जब वह उसके साथ थे लेकिन अगर उन्हें लगता है कि हम भी वैसे ही सुनते रहेंगे तो वह जान लें कि हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम ईंट का जवाब पत्थर से देना जानते हैं।

करीम लाला से मिलने आती थीं इंदिरा गांधी: राउत
बता दें कि संजय राउत ने पुणे में एक पुरस्कार समारोह के दौरान एक मीडिया को दिए साक्षात्कार में कहा था कि कभी अंडरवर्ल्ड के लोग तय करते थे कि पुलिस कमिश्नर कौन बनेगा और मंत्रालय में कौन बैठेगा। राउत ने इस दौरान कहा कि पूर्व पीएम इंदिरा गांधी पायधुनी (दक्षिण मुंबई का इलाका) में करीम लाला से मिलने आती थीं। राउत ने यह भी दावा किया कि हाजी मस्तान के मंत्रालय में आने पर पूरा मंत्रालय उसे देखने के लिए नीचे आ जाता था।
शिवसेना ने पिछले साल महाराष्ट्र में एनसीपी और कांग्रेस के साथ गठबंधन सरकार बनाई है। 1960 के दशक से 1980 के दशक तक मुंबई में शराब की तस्करी, जुआ और जबरन वसूली रैकेट चलाने वाले डॉन करीम लाला की 2002 में मौत हो गई थी।

दाऊद को भी लगा चुका हूं फटकार: राउत
शिवसेना नेता राउत ने कहा, वे अंडरवर्ल्ड के दिन थे। बाद में हर कोई (डॉन) देश छोड़कर भाग गया। अब ऐसा कुछ नहीं है। राउत ने दावा किया कि वह माफिया डॉन दाऊद इब्राहिम से मिले हैं, उससे बात की है और उसे फटकार भी लगा चुके हैं।