दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरराजनीतिशहर और राज्य

शिवसेना पंजाब का राष्ट्रीय अध्यक्ष गिरफ्तार

पंजाब: खुद पर हमला करवाने के आरोप में खन्ना पुलिस ने शिवसेना पंजाब के राष्ट्रीय अध्यक्ष कश्मीर गिरी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि खुद पर हमला करवा कर गिरी सिक्योरिटी लेना चाहता था। एसएसपी खन्ना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर यह जानकारी दी। एसएसपी खन्ना गुरशरण सिंह ने कहा कि 9 मार्च 2020 को कश्मीरी गिरी ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि सुबह उन पर किसी ने जानलेवा हमला किया था। इसके बाद गिरी ने सिक्योरिटी मांगी। इसके बाद पुलिस ने गिरी को गनमैन दिए। हालांकि पुलिस को गिरी पर शक था। इसके बाद उन्होंने हमले की सीसीटीवी फुटेज और अन्य जो लोग उस समय वहां दिख रहे थे, की पड़ताल शुरू की। पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि जिन लोगों ने गोली चलाने का ड्रामा किया था वह कश्मीर गिरी के साथ मिले हुए थे। पुलिस के अनुसार कश्मीर गिरी ने भी माना कि उसने अपने बेटे राजन गिरी के साथ मिलकर यह ड्रामा किया था। उसने जसविंदर सिंह और गुरिंदर सिंह निवासी मोहाली के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। हमला करने से पहले मोहाली इलाके के गांव गोबिंदगढ़ में फायरिंग करने की ट्रेनिंग भी ली थी। एसएसपी ने बताया कि आरोपी गुरिंदर और जसविंदर को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था। उसका बेटा राजन गिरी फरार है। 9 मार्च की सुबह-सुबह कश्मीर गिरी अपने घर से शिव मंदिर पूजा करने के लिए निकले। वह मंदिर पहुंचे और पूजा की। पूजा खत्म कर गिरी अपने घर के बाहर पहुंचा और जैसे ही घर का गेट खोल अन्दर घुसने लगा तो सामने से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो लोग आए और उन्होंने गिरी पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली की आवाज सुनकर गिरी ने जल्दी से घर के अन्दर घुस कर दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई। कुछ दिन पहले खन्ना में सरेआम हुई गुंडागर्दी में एक नौजवान को बुरी तरह से काटने के आरोप में भी कश्मीर गिरी, उसके बेटे और अन्य के खिलाफ इरादा-ए-कत्ल का मामला दर्ज किया गया था। पीड़ित निखिल शर्मा की शिकायत पर इस मामले में गिरफ्तारी की गई है। कश्मीर गिरी को अदालत में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा।