दिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

शिवसेना MLA के बिगड़े बाेल, कहा- राहुल गांधी की जीभ काटने वाले को 11 लाख रुपए इनाम दूंगा!

मुंबई: राहुल गांधी की आरक्षण वाली टिप्पणी को लेकर उपजा विवाद थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। विरोधी खेमा कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर हमलावर हैं। अब शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने राहुल गांधी को लेकर विवादित बयान दिया है। राहुल गांधी की आलोचना करते हुए विधायक की जुबान फिसल गई और कुछ ऐसा बाेल दिया कि अब उनकी पार्टी और सहयोगी दल उनके द्वारा दिए गए से कन्नी काट रहे हैं।
शिवसेना विधायक संजय गायकवाड़ ने एक विवादास्पद बयान देते हुए कहा कि वह आरक्षण व्यवस्था पर की गई टिप्पणियों के लिए कांग्रेस नेता राहुल गांधी की जीभ काटने वाले व्यक्ति को 11 लाख रुपए इनाम देंगे।
विधायक संजय गायकवाड़ ने विवादास्पद बयान देने से पहले पत्रकारों से कहा कि राहुल गांधी ने विदेश में कहा कि वह भारत में आरक्षण व्यवस्था को खत्म करना चाहते हैं। इसने कांग्रेस का असली चेहरा उजागर कर दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका की हालिया यात्रा पर राहुल गांधी ने आरक्षण खत्म करने के बारे में बात की। यह उस मानसिकता को दर्शाता है जो स्वाभाविक रूप से आरक्षण का विरोध करती है। राहुल गांधी की जीभ काटने वाले व्यक्ति को मैं 11 लाख रुपये का इनाम दूंगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को चुनावों में हरा दिया था।
विधायक ने कहा कि राहुल की टिप्पणियां लोगों के साथ सबसे बड़ा विश्वासघात हैं। मराठा, धनगर और ओबीसी जैसे समुदाय आरक्षण के लिए लड़ रहे हैं लेकिन उससे पहले ही राहुल आरक्षण के लाभ खत्म करने के बारे में बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी संविधान की किताब दिखाते हैं और फर्जी धारणा फैलाते हैं कि भाजपा संविधान बदल देगी, लेकिन कांग्रेस की देश को 400 साल पीछे ले जाने की योजना है।
वहीँ, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि वह शिवसेना विधायक की टिप्पणियों का समर्थन नहीं करते हैं। भाजपा राज्य में शिवसेना नीत सरकार में घटक दल है। उन्होंने कहा कि मैं गायकवाड़ की टिप्पणियों का समर्थन नहीं करूंगा। हालांकि, हम यह नहीं भूल सकते कि प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू ने यह कहते हुए आरक्षण का विरोध किया था कि इसका प्रगति पर असर पड़ेगा। भाजपा नेता बावनकुले ने कहा कि राजीव गांधी ने कहा था कि आरक्षण देने का मतलब बेवकूफों को समर्थन देना है। अब राहुल गांधी कहते हैं कि वह आरक्षण खत्म कर देंगे। उन्होंने कहा कि हम एससी, एसटी और ओबीसी समुदाय को जागरूक करेंगे तथा उन्हें नेहरू, राजीव गांधी और राहुल गांधी की टिप्पणियों के बारे में जानकारी देंगे। बल्कि मराठा आरक्षण कार्यकर्ता मनोज जरांगे को इसके बारे में सोचना चाहिए।