sanjay raut news
नेटवर्क महानगर/नासिक
शिवसेना उद्धव बालासाहेब ठाकरे (यूबीटी) के सांसद संजय राउत ने नासिक में शुक्रवार (15 अगस्त) को एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि महाराष्ट्र नगर पालिका चुनाव ठाकरे बंधु एक साथ लड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की सरकार तालिबानी प्रवृति की है। राउत ने आगे कहा कि हम मुंबई, ठाणे, कल्याण-डोंबिवली और नासिक में एक साथ लड़ेंगे।
बता दें कि करीब 20 साल बाद उद्धव ठाकरे और राज ठाकरे ने बीते 5 जुलाई को एक साथ मंच साझा किया था। दोनों भाइयों के साथ आने के बाद से महाराष्ट्र में कयासों का बाजार गरमा गया कि ठाकरे बंधुओं के बीच अब सियासी गठबंधन तय है। लेकिन मंच साझा करने के बाद तस्वीर साफ नहीं हुई। इसके कुछ दिन बाद 27 जुलाई को उद्धव ठाकरे के जन्मदिन के मौके पर राज ठाकरे खुद उनके आवास ‘मातोश्री’ पहुंचकर उन्हें बधाई दी थी। जिसके बाद एक बार फिर महाराष्ट्र का सियासी पारा चढ़ गया। अब आज संजय राउत के ऐलान ने राजनीति तापमान को फिर बढ़ा दिया है।
नेहरू, शास्त्री, इंदिरा, वाजपेयी, मनमोहन, राजीव गांधी के ‘विजन’ का जिक्र!
स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से पीएम नरेंद्र मोदी के भाषण पर उन्होंने कहा कि देश की स्थिति क्या थी? यहां एक सुई भी नहीं बनती थी। अब देश कहां से कहां पहुंच गया है। ये पंडित नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री और इंदिरा गांधी का विजन है। ये अटल बिहारी वाजपेयी का विजन है। ये मनमोहन सिंह और राजीव गांधी का विजन है। इसलिए देश आज इस मुकाम पर है कि हम अंतरिक्ष में पहुंच चुके हैं। देश अगर आधुनिक बनता है तो ये अच्छी बात है।
मोदी धीरे-धीरे गांधीवाद और नेहरूवाद की तरफ जा रहे: संजय राउत
शिवसेना नेता संजय राउत ने आगे कहा कि मिस्टर मोदी ने स्वदेशी का नारा दिया, ये भी तो पंडित नेहरू का ही विजन है। महात्मा गांधी का विजन है। अब पंडित नेहरू और गांधी के विजन की याद आ गई। स्वदेशी का नारा भी कांग्रेस का ही नारा रहा है। अब कुछ दिन बाद आप गांधी टोपी पहनकर भाषण देंगे।उसके सिवा आपके पास कोई चारा नहीं है। ये देश आधुनिक बना है तो पंडित नेहरू की देन है। राउत ने कहा कि मैं मानता हूं कि मोदी धीरे-धीरे गांधीवाद और नेहरूवाद की तरफ जा रहे हैं।
