उत्तर प्रदेशब्रेकिंग न्यूज़शहर और राज्य

सोनभद्र: जमीनी विवाद में खूनी संघर्ष; तीन महिलाओं समेत 10 की हत्या, 20 घायल

घायलों को रॉबर्ट्सगंज जिला अस्पताल और पीएचसी घोरावल
में भर्ती करवाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है…

सोनभद्र, उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में जमीन को लेकर हुए विवाद के बाद बुधवार को दो पक्षों में खूनी संघर्ष हुआ है। जानकारी के मुताबिक, 10 लोगों की मौत हो गई है और लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए हैं। घटना घोरावल की ग्रामसभा मूर्तिया के गांव उम्भा की है। स्थानीय लोगों के अनुसार,100 बीघे जमीन को लेकर पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच असलहे से फायरिंग के अलावा गड़ासे से भी लड़ाई हुई।
मामले की जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्‍पताल पहुंचाया, जहां पर कई की स्थिति गंभीर बनी हुई है। मृतकों में चार महिलाएं और छह पुरुष शामिल हैं। वहीं घायलों की संख्‍या दर्जन भर से अधिक है, जिनका इलाज अस्‍पताल में किया जा रहा है। जिलाधिकारी अंकित कुमार अग्रवाल का कहना है, हम अभी फिलहाल एकदम सटीक संख्या नहीं बता सकते हैं। नौ लोगों को अस्पताल लाया गया है। कई लोग घायल हैं और कई लोगों की मौत हो चुकी है।

सीएम योगी ने डीजीपी को दिए निर्देश…
घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिए हैं कि घायल हुए लोगों के तत्काल इलाज के लिए बेहतर सुविधाएं मुहैया कराई जाएं। मुख्यमंत्री ने घटना के बारे में जिलाधिकारी से भी बात की है। इसके अलावा सीएम ने डीजीपी को निर्देश दिए हैं कि वह इस मामले में खुद नजर रखें और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।

मिली जानकारी के मुताबिक, प्रधान ने दो साल पहले जमीन खरीदी थी। बुधवार को वह अपने सहयोगियों के साथ जमीन पर कब्जा करने पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने विरोध किया। इसी को लेकर विवाद हुआ और फायरिंग शुरू हो गई। दोनों ओर से लोग गड़ासा, ईंट, पत्थर और कुल्हाड़ी लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। फायरिंग में 10 लोगों की जान चली गई, जिसमें चार महिलाएं शामिल हैं। मामले में दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पुलिस अधीक्षक समेत तमाम आला अधिकारी पहुंचे। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोरावल में भर्ती कराया गया जबकि गंभीर रूप से घायलों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।