उत्तर प्रदेशदिल्लीब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

सोनिया गांधी का ऐलान-मजदूरों के रेल टिकट का खर्च उठाएगी कांग्रेस

नयी दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लॉकडाउन के कारण फंसे मजदूरों के लिए घर लौटने की व्यवस्था नहीं करने पर सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए कहा है कि राष्ट्र निर्माण के इन दूतों के साथ अन्याय हुआ है इसलिए कांग्रेस अपने घरों को लौट रहे मजदूरों का रेल किराया वहन करेगी।
सोनिया गांधी ने सोमवार को यहां जारी एक बयान में इन मजदूरों का उनके घर तक जाने का रेल किराया देने का ऐलान करते हुए कहा कि सरकार मुश्किल में फंसे देश के लोगों के प्रति अपने कर्तव्य का निर्वाह करने में असफल हुई है जिसके कारण आज भी लाखों श्रमिक और कामगार पूरे देश के अलग-अलग कोनों से असहाय होकर घर वापसी का इंतजार कर रहे हैं। वे अपने घर जाना चाहते हैं लेकिन उनके पास न साधन है और न पैसा।
उन्होंने कहा कि दुख की बात यह है कि रेल मंत्रालय इन मेहनतकशों से मुश्किल की इस घड़ी में रेल यात्रा का किराया वसूल रहे हैं। यह आश्चर्य की बात है जो रेल मंत्रालय प्रधानमंत्री के कोरोना फंड में 151 करोड़ रुपये का सहयोग दे सकता है वह तरक्की के इन ध्वजवाहकों को आपदा की इस घड़ी में निशुल्क रेल यात्रा की सुविधा देने की व्यवस्था क्यों नहीं कर रहा है?

तेजस्वी यादव का भी ऐलान- 50 ट्रेनों का किराया RJD देने को तैयार
पटना: प्रवासी भारतीयों को उनके घर पहुंचाए जाने का मुद्दा का अब राजनीतिक रंग लेना शुरू कर दिया है। दरअसल इसकी शुरुआत प्रवासियों से किराए लिए जाने के मामले में हुई और विपक्ष के नेताओं ने सरकार को घेरना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि संकट कि इस घड़ी में जो प्रवासी मजदूर हैं खुद ही आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं ऐसे में उनसे किराया लेना ठीक नहीं है।
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव भी पीछे नहीं रहना चाहते हैं। उन्होंने ऐलान किया है कि राष्ट्रीय जनता दल बिहार सरकार को अपनी तरफ़ से 50 ट्रेनों का किराया देने को तैयार है। तेजस्वी ने कहा, हम ग़रीब बिहारी मज़दूर भाइयों की तरफ़ से इन 50 रेलगाड़ियों का किराया असमर्थ बिहार सरकार को देंगे। सरकार आगामी 5 दिनों में ट्रेनों का बंदोबस्त करें, पार्टी इसका किराया तुरंत सरकार के खाते में ट्रांसफ़र करेगी।