ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहरशहर और राज्य

सोशल मीडिया पर फर्जी अकांउट बना मुंबई पुलिस को बदनाम करने वालों पर शिकंजा

मुंबई: मुंबई पुलिस साइबर सेल की डीसीपी रश्मि करंदीकर ने कहा है कि ट्विटर, इंस्टाग्राम और फेसबुक जैसे विभिन्न सेाशल मीडिया प्लेटफार्मों पर मुंबई पुलिस आयुक्त को बदनाम करने और पुलिस बल के खिलाफ अपमानजनक भाषा का उपयोग करने के लिए कई सोशल मीडिया खाता धारकों के खिलाफ आईटी अधिनियम के तहत दो एफआईआर दर्ज की गयी हैं।
गौरतलब है कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में एम्‍स रिपोर्ट के बाद मुंबई पुलिस सोशल मीडिया पर फर्जी अकाउंट बना झूठी खबरें फैला पुलिस को बदनाम करने वालों पर नकेल कसने में जुट गयी है।
सोमवार को एक पत्रकार परिषद् में मुंबई पुलिस आयुक्‍त परमबीर सिंह ने कहा था कि साइबर सेल अब ऐसे लोगों की पहचान करने में लगी हुई है जो फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट बनाकर भ्रामक और झूठी खबरें फैलाते हैं और मुंबई पुलिस को बदनाम कर रहे हैं। मुंबई पुलिस की छवि को धूमिल करने के लिए जो जाल बुना जा रहा है उसकी पूरी तरह से जांच की जायेगी। सीपी ने कहा कि ये साफ हो चुका है कि सोशल मीडिया पर चलाये जा रहे एक अभियान के तहत मुंबई पुलिस को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है। सोशल मीडिया के विभिन्‍न प्‍लेटफार्मो पर फर्जी अकाउंट बनाये गये हैं। मुंबई पुलिस अब आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करेगी और उन पर शिकंजा कसेगी। इस मामले में कुछ सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों ने याचिका दाखिल की है यह मामला अदालत में है जिस पर आगामी 8 अक्टूबर को सुनवाई होगी जिसके बाद मुंबई पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।