ब्रेकिंग न्यूज़राजनीतिशहर और राज्य

हेमंत सोरेन बने झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री

रांची: झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता हेमंत सोरेन ने रविवार को झारखंड के मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उन्होंने झारखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण किया। झारखंड की राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने हेमंत सोरेन को मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई।
44 साल के हेमंत सोरेन को राजनीति विरासत में मिली है। शिबू सोरेन के दूसरे बेटे हेमंत सोरेन ने अपने बड़े भाई दुर्गा सोरेन की असामयिक मौत के बाद सियासत में क़दम रखा। वे राज्यसभा के सदस्य रहे। विधायक बने और फिर साल 2013 में वे झारखंड के पहली बार मुख्यमंत्री बने थे।
81 सदस्यीय झारखंड विधानसभा में झामुमो ने 30 सीट पर जीत दर्ज की है वहीं उसके गठबंधन सहयोगी कांग्रेस ने 16 और राजद ने एक सीट पर जीत हासिल की है।
इस मौक़े पर एक तरह से विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला।

शपथ ग्रहण समारोह में नहीं शामिल हुए
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रमुख शरद पवार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल रांची नहीं पहुंचे। इतना ही नहीं शपथ ग्रहण को विपक्षी एकजुटता का बड़ा केन्द्र बनाने के प्रयास में जुटी कांग्रेस और झामुमो को उस समय बड़ा झटका लगा जब बसपा सुप्रीमो मायावती के भी रांची का कार्यक्रम नहीं बनाए जाने की जानकारी मिली।

ये शामिल हुए
कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी, डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन, आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह, राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने शपथ ग्रहण समारोह में भाग लिया।

बता दें कि झामुमो ने कांग्रेस पार्टी और लालू प्रसाद की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के साथ गठबंधन में विधानसभा चुनाव लड़ा और 81 सदस्यीय सदन में सैंतालीस सीटों के साथ सहज बहुमत हासिल किया। झामुमो ने प्रदेश में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों में 30 सीटें जीती हैं, जबकि कांग्रेस और राजद ने क्रमश: 16 और एक सीट हासिल की।
हेमंत सोरेन के शपथ ग्रहण कार्यक्रम में उनके पिता शिबू सोरेन और उनके परिवार ने भी हिस्सा लिया। लेफ्ट पार्टियों की ओर से सीताराम येचुरी और डी राजा भी मंच पर नज़र आए।
शपथ ग्रहण समारोह में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुबर दास भी मौजूद थे। इसके अलावा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कांग्रेस के झारखंड प्रभारी आरपीएन सिंह ने भी शिरकत की।
हेमंत सोरेन के अलावा कांग्रेस नेता आलमगीर आलम, रामेश्वर उरांव और आरजेडी के सत्यानंद भोक्ता ने मंत्री पद की शपथ ली।