ठाणे में अज्ञात हमलावर ने कारोबारी को गोली मारकर किया घायल, हुआ फरार
ठाणे: ठाणे शहर में एक अज्ञात हमलावर ने एक कारोबारी को गोली मारकर घायल कर दिया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। कपूरबावड़ी थाने के एक अधिकारी ने बताया कि उक्त घटना शहर के मजीवाड़ा इलाके में शुक्रवार को रात करीब 8 बजकर 40 मिनट पर हुई। उन्होंने बताया कि ‘स्टोन क्रशिंग’ का कारोबार करने वाले संदीप अडसुल (40) अपने घर के बाहर खड़े थे, तभी एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास आया और उनपर बेहद करीब से गोली चला दी। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
उन्होंने बताया कि गोली पीड़ित के कूल्हे पर लगी और उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अधिकारी ने बताया कि हमले का मकसद पैसों का लेन-देन हो सकता है। अज्ञात हमलावर के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), शस्त्र अधिनियम और बंबई पुलिस अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
