बलरामपुर (आजमगढ़): यूपी के आजमगढ़ रेलवे स्टेशन पर गुरुवार शाम एक सिरफिरे आशिक ने अपनी प्रेमिका की गला रेतकर हत्या कर दी! युवती के स्वजन उसके साथ ही थे, लेकिन सबकुछ फिल्मी स्टाइल में ऐसे हुआ कि सभी अवाक होकर देखते रह गए। हो-हल्ला मचने पर दौड़ी पुलिस युवती को लेकर अस्पताल भागी, तो घबराए युवक ने खुद को भी लहूलुहान कर लिया। मंडलीय अस्पताल में भर्ती युवक ने कहा कि उसने तो युवती से शादी कर ली थी, लेकिन परिवार वालों की ज्यादती से उसे आत्मघाती कदम उठाना पड़ा। बहरहाल, सच्चाई तो पुलिस की छानबीन के बाद ही सामने आएगी।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बिलरियागंज क्षेत्र के एक गांव की युवती मुंबई से गोदान एक्सप्रेस से आजमगढ़ रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक पर उतरी थी। उसी ट्रेन से जहानागंज के गडसर शाहपुर गांव निवासी धनंजय, युवती का पीछा करते हुए पहुंचा था। युवती के स्वजन स्टेशन से बाहर निकलने की सोच ही रहे थे कि धनंजय उसके पास पहुंचकर चाकू से उसका गला रेत दिया। परिवार के लोग युवती को लेकर अस्पताल भागे। चीख-पुकार सुन पुलिस दौड़ी, तो धनंजय ने खुद को भी उसी चाकू से लहूलुहान कर लिया।
6 माह पूर्व मुंबई भाग गए थे युवक-युवती
पता चला है कि युवती धनंजय की भाभी की बहन की लड़की थी। उसका धनंजय से घर आने-जाने के दौरान प्रेम हो गया था। स्वजन के प्रतिकार पर युवक-युवती छह माह पूर्व मुंबई भाग गए थे। स्वजन वहां भी युवती को धनंजय से अलग कर दिए। 8 दिसंबर को युवती के भाई की शादी पड़ी, तो वह चाचा के साथ घर लौट रही थी कि धनंजय ने रेलवे स्टेशन पर उसकी हत्या कर दी!
