Maharashtra Murder
सतारा: महाराष्ट्र के सतारा थाना अंतर्गत मोबाइल फोन चार्जर के वायर से पत्नी और तीन साल के बेटे की हत्या करने के आरोप में 30 वर्षीय एक व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने इमरजेंसी रिस्पांस सपोर्ट सिस्टम (ईआरएसएस) नंबर 112 पर कॉल कर जानकारी दी और खुद को सरेंडर कर दिया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, घटना सोमवार देर रात 1.30 बजे सतारा थाना क्षेत्र के पैठण रोड स्थित आनंद विहार रोड स्थित आरोपी के घर में हुई। मृतक महिला के पिता संतोष सुतार की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी की मां को भी उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान समीर म्हस्के और उसकी 50 वर्षीय मां सुनीता के रूप में हुई है। जबकि मृतक महिला का नाम आरती म्हस्के (26) और मासूम का नाम निशांत बताया जा रहा है। एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि समीर पुलिस भर्ती एग्जाम देने की तैयारी कर रहा था, जबकि उसकी मां औरंगाबाद नगर निगम (AMC) में बतौर सफाई कर्मचारी काम करती है।
आरोपी ने पुलिस के सामने किए गए कबूलनामे में कहा कि उसका पत्नी के साथ तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद उसने उसके मुँह में कपड़ा डालकर मोबाइल चार्जर के तार से उसका गला घोंट दिया। आरती की मौत के बाद आरोपी ने अपने बेटे की भी उसी तरह से गला दबाकर हत्या कर दी।
