MHADA lottery in mumbai
मुंबई: म्हाडा अब आम लोगों के लिए आलीशान घरों जैसी सुविधा मुहैया कराएगी। म्हाडा गोरेगांव पश्चिम में पहाड़ी गोरेगांव में आलीशान सोसायटी बना रही है, जिसमें क्लब हॉउस और स्विमिंग पुल जैसी सुविधा उपलब्ध कराई गयी है। म्हाडा ने पहाड़ी गोरेगांव में ही ईडब्ल्यूएस और एमआईजी वर्ग के लिए 2683 घर बनाए हैं, जिसकी लॉटरी मार्च महीने में होने की संभावना जताई जा रही है।
बता दें कि म्हाडा (MHADA) के घरों का इंतजार कर रहे लोगों का सपना अगले दो-तीन महीनों में पूरा हो सकता है। म्हाडा की तरफ से मुंबईभर में लगभग 4000 से अधिक घरो की लॉटरी निकाली जाएगी। शुक्रवार को म्हाडा द्वारा निर्माण किए जा रहे घरों की प्रत्यक्ष रूप से यह जानकारी पत्रकारों को दी गई। म्हाडा द्वारा निर्मित इन 23 मंजिला इमारत में आर्थिक रुप से कमजोर और निम्न आय वर्ग के लिए घरों को तैयार कर दिया गया है। म्हाडा ने 7 इमारतों का निर्माण कार्य पूरा कर लिया है। इस वर्ष मार्च महीने में आने वाली लॉटरी (Lottery) में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 702 फ्लैट और एलआईजी के 736 फ्लैट शामिल किए जाएंगे। ईडब्ल्यूएस फ्लैटों की कीमत करीब 35 लाख और एलआईजी फ्लैट (LIG flat) की कीमत 45 लाख तक हो सकती है।
म्हाडा द्वारा किए जा रहे एमआईजी के घर 2 BHK और एमआईजी के 3 BHK घर गोरेगांव पश्चिम स्थित रेलवे स्टेशन के कुछ मिनट की दूरी पर पहाड़ी गोरेगांव में बना रही है। म्हाडा अधिकारी ने बताया कि जिस तरह एचआईजी वर्ग की इमारतों में सुविधाएं दी जाती है वही सुविधाएं इन इमारतों में भी दी जाएंगी। म्हाडा के ये इमारत निजी बिल्डरों द्वारा निर्मित इमारतों की तरह सभी आधुनिक सुख सुविधाओं से लैस होंगे। म्हाडा पहली बार इन घरों में लोगों को निजी सोसायटियों क्लब हाउस और स्विमिंग पुल के अलावा बच्चों के खेलने के लिए गार्डन आदि सुविधा उपलब्ध कराएगी।
