मुंबई: दादर पुलिस ने 16 साल की नाबालिग लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के आरोप में 33 साल के एक कैब ड्राइवर को वडाला से गिरफ्तार किया है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़की मानसिक रूप से बीमार है। पिछले दिनों वह अपने एक रिश्तेदार के यहां अस्थाई रूप से रहने के लिए आई थी। पीड़िता की शिकायत पर दादर पुलिस ने तुरंत एफआईआर दर्ज की और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से संदिग्ध आरोपी कैब चालक को धर दबोचा।
इन दिनों मुंबई का तापमान चरम पर है। इस तेज गर्मी और उमस से राहत पाने के लड़की देर रात अपने घर से बाहर सड़क पर एक किनारे खड़ी होकर हवा खा रही थी। आरोप है कि इस दौरान कैब चलाते हुए मोहम्मद जलील खलील वहां से गुजर रहा था। उस दौरान उसकी नजर सड़क किनारे अकेली खड़ी लड़की पर पड़ी और वह सुनसान रात में युवती को अकेला देख उसके पास जा पहुंचा।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपी जलील एक नामचीन कंपनी में कैब चलाता है। उसने देर रात एक लड़की को अकेला देखने के बाद न सिर्फ उसके पास गया बल्कि उससे कुछ देर इधर-उधर की बातें की और उसको मुंबई घुमाने के बहाने अपनी कैब में बैठाकर वहां से निकल गया।
पुलिस के मुताबिक, जलील लड़की को दादर स्थित एक फ्लाईओवर के पास ले गया, जिसके बगल में एक नाला है लेकिन इन दिनों वह सूखा पड़ा है। आरोप है कि उसमें लडकी को ले जाकर उसने उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। लड़की से दुष्कर्म करने के बाद जलील उसको दोबारा अपनी कैब में बिठाया और उसको उसी जगह छोड़ दिया, जहां से उसने उसको कैब में बिठाया था।
