ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

Malad Road Accident: तेज रफ्तार SUV की चपेट में आने से महिला की मौत!

मुंबई: मुंबई में ‘हिट एंड रन’ का सिलसिला लगातार जारी है। ताजा मामले में मंगलवार देर रात मलाड के गुड़िया पाड़ा इलाके में एक तेज रफ्तार एसयूवी कार की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। आरोपी ड्राइवर घायल महिला को अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मलाड पुलिस ने ऑरिस टावर निवासी अनुज सिन्हा (45) के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, 27 साल की शहाना काज़ी मेंहदी की क्लास कर घर की ओर जा रही थी। तभी पीछे से आई हाई स्पीड फोर्ड कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी और उसे घसीटते हुए आगे निकल गई। महिला के चीखने की आवाज सुनते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बताया जा रहा है कि यह हादसा इतना भयानक था कि महिला को बहुत चोटें आईं थी। उसे स्थानीय लोगों की मदद से आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक शहाना के दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। फिलहाल, पुलिस ने आरोपी ड्राइवर अनुज को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान लोगों का गुस्सा, शख्स पर फूट पड़ा और उन्होंने पुलिस की हिरासत में ही उसकी पिटाई कर दी। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार एसयूवी चालक मर्चेंट नेवी का एक अधिकारी है।