bandra police news
नेटवर्क महानगर/मुंबई
बांद्रा पश्चिम इलाके के कंचन बिल्डिंग के एक कमरे से सड़ी-गली अवस्था में मिली बुजुर्ग महिला की लाश की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। ६४ वर्षीय मृत महिला का नाम रेखा अशोक खोंडे है और उसकी हत्या पड़ोस में रहने वाले उसके परिचित युवक ने की है। पुलिस ने इस मामले में आरोपी शरीफ अली शेख (२७) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शरीफ अली शेख हत्यारोपित रेखा खोंडे की बेटी का बचपन का दोस्त था। वह रेखा खोंडे के परिवार को बचपन से जानता था। बुजुर्ग महिला रेखा बांद्रा रिक्लेमेशन स्थित कंचन को-ऑप सोसायटी में अकेली रहती थी। उनकी बेटी अपने परिवार के साथ मलाड में रहती थी। रेखा खोंडे के पति का २०१७ में निधन हो गया। अकेले होने के कारण शरीफ शेख बैंक के काम, अस्पताल जाना, किराने का सामान खरीदना आदि में महिला की मदद करना शुरू कर दिया। रेखा अकेली थी इसलिए उसे भी सहारा मिला और इन बातों से शरीफ ने उसका विश्वास जीत लिया था। इसलिए ज्यादातर महिला का मोबाइल फोन शरीफ इस्तेमाल करने लगा था। इसी शराफत का फायदा उठाते हुए वह रेखा के मोबाइल से अपने मोबाइल फोन में पैसे ट्रांसफर कर लेता था।
पुलिस के मुताबिक, तीन महीने में शरीफ ने अपने खाते में २३ लाख रुपये ट्रांसफर कर लिये थे। जब महिला को इस धोखाधड़ी का पता चला तो उसने पांच फरवरी को उससे अपने पैसे लौटाने की मांग की, जिसे लेकर दोनों में जमकर बहस हो गई। इसी बीच उसने धारदार हथियार से रेखा की हत्या कर दी और घर से गहने लेकर फरार हो गया। दोनों के बीच चल रहे झगड़े के चलते रेखा की बेटी भी पिछले एक महीने से अपनी मां के पास मिलने नहीं आई। फिलहाल, बांद्रा पुलिस ने आरोपी शरीफ अली शमशेर अली शेख के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
