Speeding Car Runs Over Mother and Infant in Wadala
नेटवर्क महानगर/मुंबई
मुंबई में एक बार फिर तेज रफ्तार कार ने एक मासूम की जान ले ली। ये हादसा शनिवार की देर रात वडाला में अंबेडकर कॉलेज के पास हुआ। जिसमें एक डेढ़ साल के बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब १२.३० बजे वडाला में बलराम केडेकर मार्ग पर एक हाई स्पीड कार (एमएच 01 CT 7256) ने फुटपाथ पर सो रही २९ वर्षीय प्रिया निखिल लोंढे और उसके डेढ़ साल के बेटे वरदान को कुचल दिया। इस दुखद हादसे में बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए केईएम अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस के मुताबिक, प्रिया अपने पति निखिल और दो बच्चों स्वरूप (५ वर्ष) और वरदान (१८ महीने) के साथ रहती थी। वे सड़क किनारे बसी एक बस्ती का हिस्सा थे जो कि पिछले ३० वर्षों से अस्तित्व में थी, लेकिन हाल ही में बीएमसी ने पुनर्वास योजना के तहत उन्हें हटा दिया था। जबकि, अधिकांश परिवारों को रहने के लिए जगह उपलब्ध कराए गए थे, प्रिया की तरह कुछ लोग अभी भी अधूरी कागजी कार्रवाई के कारण इंतजार कर रहे थे। परिवार ने अस्थायी रूप से एक जगह किराए पर ली थी, लेकिन उनका कुछ सामान फुटपाथ पर पड़ा रहा। घटना की रात निखिल अपने परिवार के लिए खाना लाने दादर स्टेशन गया था। इस बीच, प्रिया अपने बेटे वरदान को लेकर फुटपाथ पर सोई थी और अपने पति के आने का इंतज़ार कर रही थी कि उसकी आंख लग गई। तभी तेज रफ्तार एक सफ़ेद कार ने उन्हें रौंद दिया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और आपातकालीन सेवाओं को सूचित किया। आरएके मार्ग पुलिस मौके पर पहुंची और वडाला स्थित भव्य हाइट्स में रहने वाले कमल विजय रिया (४६) को गिरफ्तार कर लिया। घायल मां और बच्चे को केईएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्चे की मौत की पुष्टि की। हादसे में प्रिया के कंधे और पीठ में फ्रैक्चर हुआ है उसका इलाज चल रहा है। आरएके मार्ग पुलिस आईपीसी की धारा १०६, १२५(बी), और २८१ के तहत एफआईआर दर्ज कर आगे की जांच कर रही है।
