ब्रेकिंग न्यूज़महाराष्ट्रमुंबई शहर

Mumbai: एलफिंस्टन ब्रिज गिराए जाने के खिलाफ रहिवासियों ने किया विरोध-प्रदर्शन

नेटवर्क महानगर / मुंबई
मुंबई के 125 साल पुराने एलफिंस्टन ब्रिज को गिराए जाने के खिलाफ स्थानीय निवासियों ने ध्वस्तीकरण के खिलाफ़ जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। इसके लिए बड़ी संख्या में महिलाएं भी सड़क पर उतर गई थीं। एमएमआरडीए द्वारा एलफिंस्टन ब्रिज को गिराये जाने की खबर मिलते ही आसपास की 10 इमारतों के रहिवासियों ने शुक्रवार की रात काम बंद कराने के लिए जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों और एमएमआरडीए अधिकारियों के बीच चार घंटे से अधिक समय तक चले गतिरोध के बाद, आधी रात को सरकार की विध्वंसक योजना को अस्थायी रूप से रोक दिया गया। मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा सोमवार को होने वाली बैठक तक काम रोकने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें तोड़फोड़ के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जाएगा।


शुक्रवार, (25 अप्रैल 2025) को एमएमआरडीए अधिकारियों ने एक लेन को बंद करना और डिवाइडर को तोड़ना शुरू कर दिया था। जब उन्होंने इसका एक हिस्सा हटा दिया, तो रात तकरीबन 9 बजे तनाव काफी बढ़ गया। प्रदर्शनकारी जेसीबी के उपर चढ़कर काम रोकने की मांग करने लगे।

बता दें कि इस ब्रिज को पूरी तरह से ध्वस्त करने का काम तीन महीने में पूरा होना है, लेकिन शुरुआती चरण में हाजी नूरानी और लक्ष्मी निवास के निवासी प्रभावित होंगे, जिन्हें बेदखली का सामना करना पड़ेगा। हाजी नूरानी निवासी कोमल परब ने बताया कि बीएमसी ने पुनर्वास विवरण प्रदान किए बिना केवल विध्वंस नोटिस जारी किया था। नोटिस में वैकल्पिक आवास विकल्पों के बारे में कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। लोगों का कहना है कि यहां वे कई पीढ़ियों से रह रहे हैं और व्यवसाय करते आ रहे हैं। उन्होंने प्रस्तावित पुनर्वास विकल्पों की भी आलोचना की।