नेटवर्क महानगर/मणिपुर
पीएम मोदी शनिवार को मणिपुर के चुराचांदपुर पहुंचे और वहां हिंसा से प्रभावित लोगों से मिले। उन्होंने प्रदेश में शांति, विकास और भरोसे का संदेश दिया। साथ ही भारत सरकार की मणिपुर के सामाजिक व आर्थिक विकास के लिए की जा रही कोशिशों को भी गिनाया। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि अब मणिपुर का हर नागरिक विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है और यह प्रदेश आशा की नई मिसाल बन रहा है।
चुराचांदपुर में पीएम मोदी ने मणिपुर के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसरों पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि मणिपुर का हर नागरिक विकास का लाभ महसूस करे। उन्होंने यह भी कहा कि मणिपुर का नाम ही ‘मणि’ है, जो पूरे नॉर्थ ईस्ट क्षेत्र की चमक को बढ़ाएगा।
प्रधानमंत्री ने की शांति की अपील
प्रधानमंत्री ने कहा कि मणिपुर में हिंसा ने इलाके को प्रभावित किया था, लेकिन अब सभी समुदाय शांति के रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने सभी संगठन और समूहों से अपील की कि वे सामाजिक सद्भाव और आपसी समझ के साथ आगे बढ़ें। कई गुटों के बीच समझौते भी हो चुके हैं। पीएम मोदी ने आश्वासन दिया कि भारत सरकार और मणिपुर सरकार विस्थापित लोगों को उचित स्थान पर बसाने के लिए मिलकर काम कर रही है। प्रधानमंत्री ने मणिपुर के लोगों को 8,500 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात के तौर पर कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
प्रधानमंत्री ने मणिपुर में पहले मेडिकल कॉलेज, पर्याप्त बिजली, सड़क और रेलवे की कमी जैसी समस्याओं का जिक्र करते हुए बताया कि अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। उन्होंने कहा कि मणिपुर तेजी से विकास कर रहा है और प्रदेश के हर कोने में विकास कार्य हो रहे हैं।
पीएम ने कहा कि हमें संतोष है कि हाल ही में हिल्स और वैली में अलग-अलग संगठनों के साथ समझौतों के लिए बातचीत हुई है। ये भारत सरकार के उन प्रयासों का हिस्सा है, जिसमें संवाद, सम्मान और आपसी समझ को महत्व देते हुए शांति की स्थापना के लिए काम किया जा रहा है। मैं सभी संगठनों से अपील करूंगा कि शांति के रास्ते पर आगे बढ़कर अपने सपनों को पूरा करें। मैं आपके साथ हूं..भारत सरकार मणिपुर के लोगों के साथ है।
नई परियोजनाओं की शुरूआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 दिवसीय पूर्वोत्तर दौरे पर हैं। मणिपुर में हिंसा भड़कने के बाद प्रधानमंत्री का पहला दौरा है। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने बताया कि 400 करोड़ रुपये की लागत से नया इंफाल एयरपोर्ट बना है। मणिपुर में रेलवे नेटवर्क का विकास हो रहा है। साथ ही, गांवों तक सड़कें पहुंचाई जा रही हैं ताकि हर नागरिक को सुगम संपर्क मिल सके। मोदी ने बताया कि उन्होंने रोड से यात्रा करते समय लोगों का प्यार और अपनापन महसूस किया। उन्होंने कहा कि मणिपुर के लोगों का सम्मान करते हैं और हमेशा उनके साथ खड़े रहेंगे। प्रधानमंत्री ने चुराचांदपुर में महिलाओं और बच्चियों से बात भी की। बच्चियों ने प्रधानमंत्री को पारंपरिक टोपी पहनाई और उनकी तस्वीर उपहार में दी।
इसके बाद उन्होंने चुरादांचपुर में एक रैली को संबोधित किया और 3,600 करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत वाली कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया।
राहुल गांधी बोले- अच्छा है PM जा रहे..
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के मणिपुर दौरे का स्वागत किया। उन्होंने कहा, मणिपुर की समस्या लंबे समय से चल रही है। अच्छा हुआ कि प्रधानमंत्री अब जा रहे हैं।
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, मणिपुर में प्रधानमंत्री का केवल 3 घंटे का दौरा करुणा नहीं, बल्कि दिखावा और घायल लोगों का अपमान है। इंफाल और चुराचांदपुर में आपका तथाकथित रोड शो राहत शिविरों में लोगों की चीखें सुनने से बचने का एक कायराना प्रयास है!
मणिपुर हिंसा में 300 से ज्यादा मौतें
बता दें कि मणिपुर में कुकी और मैतेई समुदाय के बीच 3 मई, 2023 को हिंसा शुरू हुई थी, जो आज भी रुक-रुककर जारी है। इस हिंसा में 300 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है, 1,500 से ज्यादा घायल हुए हैं और हजारों लोगों को विस्थापित होना पड़ा है। दबाव के चलते डेढ़ साल बाद 9 फरवरी 2025 को मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने इस्तीफा दिया था। इसके बाद 13 फरवरी से राज्य में राष्ट्रपति शासन लागू है।
