नेटवर्क महानगर/वाराणसी
भेलूपुर थाना क्षेत्र के रथयात्रा चौराहे पर शनिवार रात करीब आठ बजे सड़क पर लगे जाम को छुड़ाने के दौरान अधिवक्ता से कहासुनी हो जाने के बाद इंस्पेक्टर ने उनकी पिटाई कर दी। पिटाई में गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। अधिवक्ता से विवाद की भनक लगते ही बड़ी संख्या में उनके वकील साथी ट्रामा सेंटर पहुंच गए और कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा करने लगे। तब जाकर अधिवक्ता शिवप्रताप सिंह की पत्नी शारदा सिंह की तहरीर पर भेलूपुर में तैनात इंस्पेक्टर क्राइम गोपाल कन्हैया के विरुद्ध जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज किया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 8 बजे अधिवक्ता शिवप्रताप सिंह अपनी पत्नी शारदा सिंह के साथ बाइक से लक्ष्मी कुंड स्थित मां लक्ष्मी का दर्शन कर कमच्छा स्थित अपने घर लौट रहे थे। उस समय तेज बारिश के चलते रोड पर भीषण जाम लगा हुआ था। भेलूपुर पुलिस जाम छुड़ा रही थी, तभी अधिवक्ता बाइक से पत्नी के साथ पहुंचे। उन्हें पुलिस ने नो एंट्री का हवाला देकर घर की तरफ जाने से रोक दिया। आरोप है कि इंस्पेक्टर ने अधिवक्ता से दुर्व्यहार किया और वकील के सिर और चेहरे पर बुरी तरह मारा, जिससे अधिवक्ता खून से लथपथ हो गए। चौराहे के सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद है। पुलिस व परिजन अधिवक्ता को इलाज के लिए ट्रामा सेंटर बीएचयू ले गए जहां उनका इलाज चल रहा है। ट्रामा सेंटर पर पहुंचे अधिवक्ताओं ने आरोपित इंस्पेक्टर पर मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए हंगामा और नारेबाजी की। खबर लिखे जाने तक पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई थी। एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि मामले की जांच कर रहे हैं।
वहीं, इस पूरे प्रकरण पर डीसीपी गौरव बंसवाल (काशी जोन) ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस विभाग ने जांच शुरू कर दी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच पूरी होने पर दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
