नेटवर्क महानगर/चंदौली
शराब तस्करी पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान में अलीनगर थाना पुलिस और स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शनिवार को ट्रक से बुरादे के नीचे छुपाकर ले जाई जा रही 6685.2 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की। पुलिस ने मौके से दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। बरामद बिहार राज्य के मुताबिक, शराब की कीमत करीब 1 करोड़ 40 लाख रुपये आंकी गई है, जो कि पंजाब से जा रही थी। पूछताछ में गिरफ्तार तस्करों ने बताया कि वे लोग पंजाब से माल लेकर जा रहे थे।
एसपी आदित्य लांग्हे ने रविवार को पुलिस लाइन में एक प्रेस कांफ्रेस कर मामले की जानकारी दी और बताया कि चंदौली पुलिस टीम को बिहार मद्य निषेध इकाई पटना से सूचना मिली थी कि वाराणसी से चंदौली की ओर शराब लेकर एक ट्रक आ रहा है। सूचना के आधार पर सिंघीताली पुल पर वाहनों की चेकिंग शुरू की गई। कुछ देर बाद नीली और पीली तिरपाल से ढका एक ट्रक आता हुआ दिखा। रोकने का प्रयास करने पर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया लिया। जांच में ट्रक से 107 बोरी बुरादे के नीचे छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।

गिरफ्तार तस्करों की पहचान गुरदीप सिंह निवासी डांव टुंडली थाना पंजोखरा साहिब, जिला अंबाला (हरियाणा) और गुरपाल सिंह निवासी रानी माजरा थाना साहिबजादा अजीत नगर (पंजाब) के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वे पंजाब-हरियाणा से सस्ती शराब खरीदकर बिहार ले जाते थे, जहां प्रतिबंध के कारण ऊंचे दामों पर इसकी बिक्री होती है और फायदे की रकम दोनों आपस में बांट लेते थे। एसपी लांग्हे ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
