दुबई: 22 अप्रैल, 2025 को पहलगाम में आतंकियों ने हिन्दू पर्यटकों से उनका धर्म पूछा और फिर गोली मारकर हत्या कर दी। इस बर्बर आतंकी हमले के परिणामस्वरूप 26 लोगों की जान चली गई। इसी आक्रोश को लेकर एशिया कप में भारत बनाम पाकिस्तान के मैच का पूरे देश में विरोध हुआ। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप के जिस मुकाबले का इंतजार फैंस को था वो धमाकेदार रहा। रविवार, 14 सितंबर को रात 8 बजे एशिया कप 2025 के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला खेला गया। इस मैच को टीम इंडिया ने शानदार तरीके से जीता और पाकिस्तान को एक सबक दिया कि अभी वह भारतीय टीम के सामने बौना ही है। इस मैच में भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी आतंकी हमले के विरोध में काली पट्टी बांधकर मैदान में उतरे थे। यह फैसला टीम इंडिया के मैनेजमेंट द्वारा लिया गया था।
इसी बीच 14 सितंबर को अपना 35वां जन्मदिन मना रहे भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने एक शानदार रिकॉर्ड अपने नाम किया। इस लिस्ट में एम एस धोनी और रोहित शर्मा के बाद वह ऐसा रिकॉर्ड बनाने वाले भारत के तीसरे कप्तान बने हैं। यह रिकॉर्ड पाकिस्तान के खिलाफ T20I मैच जीतने वाले भारतीय कप्तान का हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने दुबई में हुए एशिया कप 2025 के मुकाबले में पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया।
टॉस जीतकर पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। हालांकि, भारतीय गेंदबाजों के आगे उनके बल्लेबाज फेल रहे, वो तो गेंदबाज शाहीन अफरीदी ने 16 गेंदों में 33 रन बना दिए नहीं तो टीम 100 रन भी नहीं बना पाती। भारत को जीत के लिए 128 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे टीम ने 15.5 ओवरों में हासिल किया। भारतीय बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ने नाबाद 47 रन बनाए। प्लेयर ऑफ़ द मैच कुलदीप यादव को चुना गया, जिन्होंने तीन विकेट लिए थे।
..जब भारत की जीत पर नाचने लगा पाकिस्तानी फैन?
दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में पाकिस्तान के काफी समर्थक आए थे, लेकिन सभी को निराश होना पड़ा। क्योंकि हारना तो ठीक है लेकिन पूरे मैच में पाक टीम कहीं भी लड़ती हुई नजर नहीं आई। पाकिस्तानी फैंस हार नजदीक आते ही स्टेडियम छोड़कर जाने लगे, वहीं एक पाकिस्तानी फैन तो नाचने लगा. जब सूर्यकुमार यादव बल्लेबाजी कर रहे थे और टीम इंडिया जीत की दहलीज पर थी, तब एक पाकिस्तानी फैन ने पाकिस्तान की जर्सी के ऊपर भारत की जर्सी पहन ली और नाचने लगा। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
पाक टीम ने भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का फैसला किया
टॉस पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा ने जीता और भारत के खिलाफ पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम इस मैच में बिना किसी बदलाव के उतरी। शाहीन अफरीदी के आखिर में आकर लगाए छक्कों ने टीम को 9 विकेट पर 127 रन के स्कोर तक पहुंचाया। 15.5 ओवर में भारत ने 3 विकेट गंवाकर जीत का लक्ष्य हासिल किया। सूर्यकुमार यादव ने 47 रन की नाबाद पारी खेली जबकि अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ने 31-31 रन की पारी खेली। पहलगाम आतंकवादी हमले के कारण बहिष्कार की चर्चा के बीच कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों को सिर्फ खेल पर फोकस करने कहा।
भारत की प्लेइंग इलेवन
अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन
साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), फखर जमान, सलमान आगा (कप्तान), हसन नवाज, मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन अफरीदी, सुफियान मुकीम, अबरार अहमद।
टीम इंडिया ने मैच खत्म होने के बाद पाक खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया!
सूर्यकुमार यादव की टीम रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ जब मैदान पर उतरी। भारतीय फैंस भावुक थे और मन में गुस्सा भी था। पहलगाम में आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष 26 लोगों की हत्या के बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड का यह फैसला हर किसी को नागवार गुजर रहा था। मैच में टॉस के लिए जब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव मैदान पर पहुंचे तो उन्होंने भारत की उसी रणनीति को फॉलो किया कि आतंकवाद को सिर चढ़ाने वाले पाकिस्तानी कप्तान से हाथ तक नहीं मिलाना है। जब भारतीय टीम ने जीत दर्ज की तो भी सूर्यकुमार यादव मैदान पर थे और वह शिवम दुबे के साथ सीधे ड्रेसिंग रूम पहुंचे। जब मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सूर्यकुमार यादव से पूछा गया कि क्या हाथ मिलाने से इनकार करना खेल भावना के खिलाफ था? तो सूर्यकुमार यादव ने कहा, जीवन में खेल भावना से आगे भी कुछ चीजें होती हैं। मैंने प्रेजेंटेशन में भी यही कहा था कि हम पहलगाम आतंकी हमलों के सभी पीड़ितों के साथ हैं, उनके परिवारों के साथ हैं और अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं। सूर्यकुमार ने साथ ही कहा कि हमारी सरकार और बीसीसीआई एकमत थे। हम यहां मैच खेलने आए और मुझे लगता है कि हम यहां सिर्फ मैच खेलने आए थे। और हमने इसका उचित जवाब दिया।
