नेटवर्क महानगर/पालघर
महाराष्ट्र के पालघर जिले में रासायन की फैक्टरी में विस्फोट होने से एक श्रमिक की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि विस्फोट गुरुवार शाम करीब साढ़े सात बजे ‘लिम्बानी साल्ट इंडस्ट्रीज’ में हुआ। पालघर जिला आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख विवेकानंद कदम ने बताया कि धातु और एसिड को मिश्रित किए जाने के वक्त पांच श्रमिक मौके पर मौजूद थे और इसी दौरान विस्फोट हुआ। उन्होंने बताया कि एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चारों अन्य गंभीर रूप से झुलस गए, उन्हें पास के ढवले अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार किया जा रहा है। घटनास्थल से थोड़ी दूर पर मौजूद दो और श्रमिक मामूली रूप से घायल हो गए। उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दमकल और आपदा प्रबंधन कर्मियों सहित आपातकालीन दल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में किया।
पालघर के पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख ने बताया कि पालघर के मनोर रोड स्थित ”लिंबानी सॉल्ट इंडस्ट्रीज” में उस समय विस्फोट हुआ जब वहां एक केमिकल की प्रोसेसिंग (प्रक्रिया) चल रही थी। स्थानीय पुलिस घटना की जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही इस घटना को लेकर मामला दर्ज किए जाने की उम्मीद है।
बता दें कि पालघर में इससे पहले भी फैक्ट्री में कई हादसे हो चुके हैं। पिछले महीने दवा फैक्टरी में गैस रिसाव की घटना सामने आई थी। 22 अगस्त को नाइट्रोजन गैस लीक होने से चार श्रमिकों की मौत होने के एक दिन बाद शुक्रवार को पुलिस ने कंपनी के 4 वरिष्ठ कर्मचारियों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है।
