नेटवर्क महानगर/पालघर
महाराष्ट्र के पालघर जिले से एक ऐसी खौफनाक घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को हिलाकर रख दिया। यहां रविवार को धनसार गांव के घोड़िला कॉम्प्लेक्स में एक मां ने गुस्से में अपना आपा खोते हुए अपने ही सात साल के बेटे की बेलन से पिटाई कर दी। बेटे की गलती बस इतनी थी कि उसने खाने में चिकन की मांग कर दी थी। मामूली सी बात पर भड़की मां ने बच्चे को इतनी बेरहमी से मारा कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बच्चे की पहचान चिन्मय धुमडे के रूप में हुई है। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फ़ैल गई है।
क्या सच में चिकन मांगना ही मौत की वजह थी?
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, बच्चा रात के खाने में चिकन मांग रहा था। इसी बात पर मां बुरी तरह भड़क गई और गुस्से में रोटी बेलने वाले बेलन से बेटे की पिटाई शुरू कर दी। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें लगने से बच्चे की हालत बिगड़ गई। चौंकाने वाली बात यह रही कि मां ने बच्चे को अस्पताल ले जाने की कोशिश तक नहीं की और वह घर पर ही तड़पता रहा और देर रात उसकी मौत हो गई।

पुलिस जांच में ये बात आई सामने?
स्थानीय लोगों को जब शक हुआ तो उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और पूछताछ करने के लिए आरोपी महिला पल्लवी घुमड़े (40) को हिरासत में ले लिया। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गई और अपना गुनाह कबूल कर लिया। वहीं मर्डर के इस्तेमाल में होने वाला बेलन भी सबूत के तौर पर जब्त कर लिया गया। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही पता चल पाएगी।
पुलिस अधीक्षक यतीश देशमुख के अनुसार, पुलिस जांच में यह भी बात सामने आई है कि महिला पति से अलग रह रही थी और अपने दो बच्चों तथा बहनों के साथ काशीपाड़ा इलाके के एक फ्लैट में रहती थी। मृतक बच्चे की 10 साल की बहन डरी और सहमी हुई हालत में पुलिस को मिली। पुलिस ने उसे सुरक्षित रखने के लिए आश्रम भेज दिया है। स्थानीय लोगों का मानना है कि इस घटना के पीछे सिर्फ “चिकन” मांगने की बात नहीं हो सकती, बल्कि इसके पीछे परिवारिक तनाव और मानसिक दबाव की बड़ी वजह भी छुपी हो सकती है। पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी महिला के खिलाफ FIR दर्ज कर ली। अब सबकी नजरें पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे इस दर्दनाक घटना की सच्चाई लोगों के सामने आ सकेगी।
